पुणे से करीब सवा सौ किलोमीटर दूर सतारा में एक ‘डॉक्टर डेथ’ की कहानी सामने आई तो पुलिस भी हैरान रह गई। पुलिस को डॉक्टर ने बताया था कि वह करीब पांच औरतों को जिंदा दफना चुका है और वह महिलाओं को दफनाने के बाद उनकी कब्र के ऊपर एक नारियल का पेड़ लगा देता था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जब नारियल का पेड़ हटाया और खुदाई की तो वहां कंकाल निकला।

इस सनकी डॉक्टर की पहचान संतोष पोल के रूप में हुई थी। ये सीरियल किलिंग की गुत्थी साल 2016 में सुलझी थी और पिछले करीब 13 सालों से ये सनकी डॉक्टर ऐसा ही कर रहा था। सतारा के वेलम गांव में आंगड़बाड़ी कार्यकर्ता मंगला जेधे अचानक गायब हो गई थी, परिजनों ने इसकी शिकायत पुलिस को दी थी। परिजनों ने मंगला के गायब होने के पीछे संतोष पोल पर शक जताया था। संतोष पोल भ्रष्टाचार विरोधी कार्यकर्ता भी थी तो पुलिस सीधे उसपर हाथ डालने से कतरा रही थी।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने संतोष को थाने पूछताछ के लिए बुलाया, लेकिन कोई सबूत नहीं होने के कारण उसे छोड़ दिया गया। बाद में पुलिस ने जांच को तेज किया और मंगला के फोन की लोकेशन देखी और पुलिस को वो मोबाइल डॉक्टर संतोष पोल की प्रेमिका ज्योति के पास मिला। अब पुलिस के पास पक्का सबूत था तो उसने ज्योति को पूछताछ के लिए बुलाया। ज्योति ने बताया कि डॉक्टर ने मंगला की हत्या कर दी और उसका शव फार्महाउस में दफना रखा है।

सोशल वर्कर बनकर छिपा रहा था अपना जुर्म: पुलिस ने ज्योति की बताई लोकेशन पर खुदाई की तो वहां एक कंकाल मिला जिसके बाद पता चला कि ये मंगला का ही कंकाल है। संतोष को इस बात की भनक पहले ही लग गई थी और वह मुंबई भाग गया था इसके बाद उसे वहां से गिरफ्तार किया गया और पूछताछ में आरोपी ने बताया था कि वह अब तक पांच महिला और एक पुरुष की हत्या कर चुका है। महिलाओं के शव पुलिस ने निकाल लिए, लेकिन एक पुरुष की हत्या के बाद आरोपी ने उसे नदी में फेंक दिया था जिससे वह नहीं मिल पाया था।

संतोष ने पूछताछ में जो पुलिस को बताया उससे किसी की भी रूह कांप उठेगी। संतोष ने बताया कि वह महिलाओं को एक नशे का इंजेक्शन देता था, जिसके बाद उनका शव अपने फार्महाउस में दफना देता था। किसी को शव सड़ने की गंध न आए इसलिए उसने अपने फार्म हाउस में कुछ मुर्गियां भी पाल रखी थीं। लाशों के साथ डॉक्टर के घर से ईसीजी मशीन, दवाएं और आरटीआई के कागज मिले, जिनसे वो भ्रष्टाचार के मामले पता लगाता था ताकि हत्याओं की अपनी सनक को सोशल वर्कर के रूप में छिपा सके।