दिल्ली पुलिस की एक महिला कॉन्स्टेबल ने अपने पति पर कई गंभीर आऱोप लगाए हैं। महिला कॉन्स्टेबल का आऱोप है कि उनके पति ने उन्हें बेल्ट से पीटा और उनके साथ अशोभनीय हरकत की है। इस संबंध में पीड़ित महिला ने यहां के एक थाने में केस भी दर्ज कराया है।बताया जा रहा है कि महिला की 2 दशक पहले शादी हुई थी। उनके पति अभी 4 साल पहले ही सेवानिवृत हुए हैं। महिला का कहना है कि उसके पति पहले भी कई बार उससे मारपीट करते थे। लेकिन उस वक्त इसे लेकर समझौता हो गया था। अब महिला का आऱोप है कि उसके पति आए दिन उससे पैसे मांगते हैं और पैसे नहीं देने पर उसे प्रताड़ित किया जाता है।
जो शिकायत महिला कॉन्स्टेबल की तरफ से थाने में दर्ज कराई गई है उसमें कहा गया है कि 9 जनवरी को उनके पति ने उन्हें बेल्ट से पीटा और उनके साथ अशोभनीय हरकत की। इतना ही नहीं उन्हें सुए से चुभाया गया। महिला का कहना है कि उसके पति उसे धमकी भी देते हैं कि अगर उसने उन्हें पैसे नहीं दिये तो वो उन्हें बदनाम कर देंगे।
महिला का आरोप है कि उसके पति ने किचेन में रखे चाकू से उसपर हमला करने की कोशिश की। लेकिन किसी तरह वो इस हमले में बच गई। पति से जान बचा कर निकली महिला कॉन्स्टेबल ने इस घरेलू हिंसा की शिकायत थाने में की। पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि महिला कॉन्स्टेबल ने अपने पति के खिलाफ घेरलू हिंसा के तहत शिकायत दर्ज कराई है। महिला की शिकायत के बाद अलग-अलग एंगल से इस मामले की जांच की जा रही है।

