देश की राष्ट्रीय राजधानी की पुलिस ने साल 2021 के दौरान महिलाओं के साथ हुए अपराधों को लेकर डाटा साझा किया। इसमें पाया गया कि दिल्ली में महिलाओं के खिलाफ अपराधों के मामलों में बढ़ोतरी हुई है। आंकड़ों के मुताबिक, साल 2021 में राष्ट्रीय राजधानी में हर दिन कम से कम पांच बलात्कार के मामले दर्ज किए गए। इन आंकड़ों में रेप की घटनाओं में 21.6 फीसदी की वृद्धि हुई है।

दिल्ली पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, साल 2021 में दिल्ली में रेप के मामलों में 21.6% की वृद्धि हुई है। क्योंकि इस साल 1,969 मामले दर्ज किए गए थे, जबकि 2020 में यह आंकड़ा 1,618 के करीब था। वहीं साल 2021 में छेड़छाड़ की घटनाओं में भी 17.5 फीसदी की बढ़ोतरी देखी गई, जिनमें से 2,429 मामले रिपोर्ट किये गए थे।

इन आंकड़ों पर बात करते हुए दिल्ली पुलिस प्रमुख राकेश अस्थाना ने कहा कि, “हमारे लिए महिलाओं, बच्चों और समाज के कमजोर वर्गों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे मामले बढ़ रहे हैं क्योंकि पुलिस सक्रिय रूप से शिकायतें लेकर मामले दर्ज कर रही है। साथ ही हमने शहर भर में पिंक बूथ शुरू करने के लिए भी अभियान शुरू किया है।”

पुलिस के मुताबिक, यह आंकड़े पहले कम थे क्योंकि अधिकतर रिपोर्ट नहीं हो पाते थे। इस सालों में मामलों में वृद्धि का कारण निष्पक्ष तरीके से मामलों की शिकायत दर्ज किया जाना है। इन आंकड़ों के मुताबिक, बलात्कार के लगभग 1.22 फीसदी मामलों में आरोपी, पीड़िता के जान-पहचान के नहीं थे।

आंकड़ों की माने तो पिछले साल बलात्कार के मामलों में कुल 35,221 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। साथ ही 60 फीसदी आरोपी ऐसे थे, जिन्हें घटना के एक सप्ताह के भीतर ही गिरफ्तार कर लिया गया था। वहीं, बलात्कार के 98 फीसदी से अधिक मामलों में आरोपी, पीड़िता के जान-पहचान वाले ही थे।

दिल्ली पुलिस प्रमुख राकेश अस्थाना ने कहा कि, “बलात्कार के मामलों में गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से लगभग 1% पीड़िता को नहीं जानते थे। ज्यादातर मामलों में परिवार के सदस्य, दोस्त-रिश्तेदार या पड़ोसी शामिल थे। पुलिस प्रमुख के अनुसार, मामलों में अधिकतर आरोपियों का पहला अपराध था। वहीं, रेप के 95 फीसदी मामले सुलझ गए हैं और 96% मामलों में चार्जशीट भी दायर की जा चुकी है।