गोवा से शर्मसार करने वाली खबर सामने आई है। यहां एक बस कंडक्टर पर 19 साल की कॉलेज छात्रा से छेड़खानी का आरोप लगा है। फिलहाल आरोपी कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जानकारी पुलिस ने मंगलवार को दी। इस खबर ने सभी को हैरानी कर दिया है। वहीं माता-पिता की चिंता भी बढ़ा दी। मामले का खुलासा तब हुआ जब छात्रा ने हिम्मत दिखाकर आरोपी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

स्कूल के समय से कर रहा था छात्रा का उत्पीड़न

मामले में पुलिस उपाधीक्षक जिवबा दलवी ने कहा कि छात्रा ने सोमवार को मापुसा थाने में शिकायत दर्ज कराई। छात्रा ने आरोप लगाया कि 20 साल का कंडक्टर तब से उसका यौन उत्पीड़न करता आ रहा है जब वह 12वीं कक्षा में थी। तब वह नाबालिग थी और स्कूल जाने के लिए अपने गांव से मापुसा तक बस से जाती थी।

उन्होंने आगे कहा कि मापुसा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा, गोवा बाल कानून और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

मुंबई में 19 साल की छात्रा के साथ गैंगरेप

मुंबई के भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (बीएआरसी) में एक छात्रा के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। पुलिस ने जानकारी दी है कि यहां एक फ्लैट में 19 साल की कॉलेज छात्रा के साथ कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार किया गया है। उन्होंने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार संदिग्धों को कोर्ट में पेश किया गया जहां पुलिस ने आगे की पूछताछ के लिए हिरासत की मांग की है। आरोपियों पर भारतीय दंड संहिता (IPC) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था, जिसमें धारा 376 (बलात्कार), 376 (डी) (सामूहिक बलात्कार), और 328 शामिल है।