बिहार के वैशाली जिले में छेड़खानी का विरोध करने पर छात्रा की पीट-पीट कर हत्या कर देने का मामला सामने आया है। 16 साल की यह छात्रा नौवीं क्लास में पढ़ती थी। मृतक छात्रा की मां ने इस मामले में गांव के 13 लोगों पर एफआईआर दर्ज कराया है। पुलिस ने फिलहाल 2 महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना के बारे में मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार (16 मार्च, 2020) को यह छात्रा सुबह करीब 6 बजे ट्यूशन पढ़ने जा रही थी। इसी दौरान गांव का एक दबंग लड़का सुधांशु कुमार उसके साथ छेड़खानी करने लगा। उस वक्त यह लड़की किसी तरह उससे बचकर पढ़ाई करने चली गई।

‘दैनिक भास्कर’ की रिपोर्ट के मुताबिक ट्यूशन पढ़कर जब यह छात्रा घर लौटी तो सुधांशु अपने कुछ साथियों के साथ उसके घर के बाहर ही मौजद था। अचानक उसने लड़की के साथ यहां मारपीट शुरू कर दी। हो-हल्ला सुनकर मौके पर लड़की के परिजन भी पहुंच गए और उन्होंने अपनी बेटी को उनसे छुड़ाने की कोशिश भी की। बताया जा रहा है कि सुभाष और उसके साथ लाठी-डंडे तथा हथियारों से लैस होकर आए थे।

मारपीट के दौरान उन्होंने लड़की उसकी मां, भाई और बहन की जबरदस्त पिटाई कर दी। इसी दौरान ओम प्रकाश मिश्रा नाम के एक शख्स ने धारदार हथियार से लड़की के सिर पर जोरदार हमला कर दिया। हमले के बाद लड़की लहूलुहान होकर गिर पड़ी और उसकी मौत हो गई। इस मारपीट और हत्या की खबर मिलते ही पुलिस के कान खड़े हो गए।

मौके पर पहुंची पुलिस ने तुरंत लड़की के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लड़की के घरवालों ने नेशनव हाइवे को जाम कर सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी भी मांग भी की। बाद में पुलिस ने उन्हें समझा-बुझाकर वहां से हटाया। बहरहाल इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और पुलिस इसकी जांच में जुट गई है।