कई बार हमारे जनप्रतिनिधियों के कुछ ऐसे वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो जाते हैं जिसमें वो किसी को डांटते या हड़काते नजर आते हैं। आज बात केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह की। रेणुका सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद काफी हंगामा मचा था। इस वीडियो में केंद्रीय मंत्री सरकारी कर्मचारियों को हड़काते हुई नजर आई थीं। यह वीडियो साल 2020 के मई महीने का बताया गया था। उस वक्त यह कहा गया था कि केंद्रीय मंत्री ने एक क्वारन्टीन सेंटर के बाहर सीईओ और तहसीलदार को हड़काया था।

यह वीडियो छत्तीसगढ़ के सरगुजा का बताया गया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उस वक्त केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह बलरामपुर जिले के एक बॉयज हॉस्टल में बनाये गये क्वारन्टीन सेंटर में पहुंची थीं। दरअसल केंद्रीय मंत्री को यहां के सीईओ और तहसीलदार के खिलाफ शिकायत मिली थी। इसी शिकायत की जांच-पड़ताल करने के लिए केंद्रीय मंत्री वहां पहुंची थीं।

दरअसल एक शख्स ने इसी सेंटर के पास से अपना एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया था। इस वीडियो में इस शख्स ने क्वारन्टीन सेंटर में बदहाली का आरोप लगाया था। बाद में इस शख्स के परिजनों ने आरोप लगाया था कि यह वीडियो वायरल होने के बाद सीईओ और तहसीलदार ने शख्स की पिटाई कर दी थी। इन्हीं सभी मामलों की पड़ताल करने खुद केंद्रीय मंत्री वहां गई थीं।

केंद्रीय मंत्री के अचानक वहां पहुंचने के बाद हड़कंप मच गया था। दोनों अधिकारी केंद्रीय मंत्री के सामने खड़े होकर अपनी-अपनी सफाई दे रहे थे। वहां पीड़ित लड़का भी मौजूद था। मौके पर ही पीड़ित लड़के ने अपने जख्म दिखाते हुए दोनों सरकारी अधिकारियों पर उसकी पिटाई करने का आरोप लगाया।

इसपर नाराज केंद्रीय मंत्री ने सरकारी अधिकारियों को हड़काते हुए कहा कि ‘अगर मेरे क्षेत्र में जनता पर अत्याचार हुआ तो सूली पर टांग दूंगी।’ मंत्री ने आगे कहा कि यहां किसी अधिकारी की दादागिरी नहीं चलेगी। यहां 15 साल हमने शासन किया है। उन्होंने कहा, कि ‘बीजेपी के कार्यकर्ताओं को कमजोर मत समझना। मैं बेल्ट खोलकर ठोकना भी जानती हूं।’