पंजाब के अमृतसर में कैब ड्राइवर पर चलती कार में महिला से छेड़खानी का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि 3 महिलाओं ने एक कैब बुक किया था। रास्त में कैब के ड्राइवर ने एक महिला से छेड़खानी शुरू कर दी। इसके बाद 2 महिलाओं ने चलती कार से छलांग लगा दी। दोनों महिलाओं को चोट भी लगी है और इलाज के लिए उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि तीनों महिलाओं ने एक रेस्टुरेंट में जाने के लिए कैब बुक किया था। टैक्सी जब रास्ते में थी तब ड्राइवर ने इनमें से एक महिला के साथ छेड़खानी शुरू कर दी। महिला ने जब इस बात का विरोध किया तब कैब ड्राइवर ने कार की गति बढ़ा दी। इसके बाद कैब में सवार 2 महिलाओं ने चलती कार से छलांग लगा दी।

सड़क किनारे खड़े कुछ लोगों ने इन महिलाओं को देख लिया। इसके बाद कुछ लोगों ने दूसरी गाड़ी से कैब ड्राइवर का पीछा किया और थोड़ी दूर जाने के बाद उसे पकड़ लिया गया। तीसरी महिला को भी सुरक्षित बचा लिया गया। बताया जा रहा है कि जब स्थानीय लोगों ने कैब ड्राइवर का पीछा किया तो पहले तो उसने गाड़ी की गति औऱ बढ़ा दी औऱ फिर वो गाड़ी रोक कर फरार हो गया। हालांकि बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

आपको याद दिला दें कि पिछले साल गुरुग्राम से भी एक ऐसी ही खबर आई थी। यहां कैब में एक महिला से छेड़खानी की गई थी। बाद में इस मामले में केस भी दर्ज कराया गया था।