केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने विदेशी अंशदान (विनियमन) अधिनियम के कथित उल्लंघन के लिए न्यूजक्लिक के खिलाफ एक प्राथमिकी दर्ज की। इसके बाद सीबीआई की टीम ने बुधवार को समाचार पोर्टल न्यूजक्लिक के संस्थापक प्रबीर पुरकायस्थ के ऑफिस और आवास पर छापेमारी की। सीबीआई के अधिकारियों ने बताया कि एजेंसी के अधिकारियों की एक टीम ने न्यूजक्लिक के संस्थापक प्रबीर पुरकायस्थ के आवास और कार्यालय पर छापे मारे।
UAPA के तहत गिरफ्तार प्रबीर पुरकायस्थ के साथियों ने किया आरोपों का खंडन
प्रबीर पुरकायस्थ को दिल्ली पुलिस ने एक मामले में गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम (UAPA) के तहत हाल ही में गिरफ्तार किया था। समाचार पोर्टल ने कहा कि वह प्राधिकारियों के साथ सहयोग कर रहा है। उसने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर कहा, ‘‘सीबीआई वर्तमान में न्यूजक्लिक कार्यालय और हमारे प्रधान संपादक प्रबीर पुरकायस्थ के आवास पर छापेमारी और जब्ती अभियान चला रही है। यह पांचवीं एजेंसी है जो हमारे खिलाफ जांच कर रही है। हम अधिकारियों के साथ सहयोग कर रहे हैं।’’
न्यूज पोर्टल न्यूजक्लिक पर चीन से धोखाधड़ी के जरिए फंड हासिल करने का बड़ा आरोप
न्यूज पोर्टल न्यूजक्लिक पर आरोप है कि उसने विदेशी अंशदान विनियमन अधिनियम (FCRA) का उल्लंघन करते हुए विदेशी धन प्राप्त किया। दिल्ली पुलिस ने न्यूज पोर्टल के खिलाफ अपनी जांच में आरोप लगाया है कि चीन की कम्युनिस्ट पार्टी के तथाकथित प्रचार विभाग के एक सक्रिय सदस्य नेविल रॉय सिंघम द्वारा धोखाधड़ी से वित्तपोषण (Funding) किया गया। न्यूज पोर्टल ने दिल्ली पुलिस के आरोपों का खंडन किया है।
दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने प्रबीर पुरकायस्थ को किया था गिरफ्तार, न्यूजक्लिक का ऑफिस सील
दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ (Special Cell) ने प्रबीर पुरकायस्थ और न्यूज पोर्टल के मानव संसाधन विभाग प्रमुख (HR Head) अमित चक्रवर्ती को 3 अक्टूबर को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने दिल्ली में न्यूजक्लिक का कार्यालय सील भी कर दिया था। प्राथमिकी के मुताबिक, न्यूज पोर्टल को एक बड़ी रकम चीन से मिली थी जो ‘‘भारत की संप्रभुता को बाधित करने” और देश के खिलाफ असंतोष पैदा कराने के लिए थी।
इसमें यह भी आरोप लगाया गया है कि प्रबीर पुरकायस्थ ने 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान चुनावी प्रक्रिया को बाधित करने के लिए एक समूह – ‘पीपुल्स अलायंस फॉर डेमोक्रेसी एंड सेक्युलरिज्म’ (PADS) के साथ मिलकर साजिश रची थी।