CAA Protest News: देश के अलग-अलग हिस्सों में नागरिकता संशोधन कानून (CAA) को लेकर कई लोग धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। इन सब के बीच उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से एक वीडियो सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने पति पर उसे जबरन धरना प्रदर्शन में शामिल होने के लिए भेजने का आरोप लगाया है। वीडियो में नजर आ रहा है कि यह महिला पुलिस वालों के सामने अपने पति पर आऱोप लगा रही है कि उनके पति जबरन उन्हें धरने पर भेजते हैं। (इस घटना का वीडियो अंत में देख सकते हैं।)
महिला ने पुलिस के सामने ही कहा कि ‘मेरा पति मुझे रोज जबरदस्ती धऱने में शामिल होने के लिए कहते हैं। रोज जान खाते हैं, कहते हैं वहां धरने लग रहे हैं…चली जाओ…मैं झूठ नहीं बोल रही हूं…इन्होंने एक हफ्ते से मेरी जान खा रखी है। महिला के इन आरोपों को सुन कर पुलिस भी दंग थी। हालांकि महिला का पति बीच-बीच में सफाई दे रहा था कि उसकी बीवी झूठ बोल रही है।
महिला की बात सुनकर पुलिस महिला के पति को भी समझाती हुई नजर आ रही है तो वहीं पुलिस ने महिला से हाथ जोड़कर यह भी कहा कि ‘अम्मा अब धरने में मत जाना।’
दरअसल अलीगढ़ में जीवनगढ़ बाईपास के पास कई दिनों से सीएए के खिलाफ धरना प्रदर्शन चल रहा था लेकिन बड़ी मुश्किल से प्रशासन ने कुछ ही दिनों पहले प्रदर्शनकारियों को समझाबूझा कर वहां से हटा दिया था। अब पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग फिर से इस जगह पर धरना प्रदर्शन करने के लिए आम जनता को उकसा रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस खुद सड़कों पर उतर आई और घूम-घूम कर लोगों को बेवजह धरना प्रदर्शन ना करने की सलाह देने लगी। खुद अलीगढ़ के सिटी मजिस्ट्रेट रंजीत सिंह ने इसकी कमान संभाल ली थी। इस बीच जब प्रशासन की टीम एक घर के सदस्यों को समझाने पहुंची तो वहां अजीब से हालात हो गए। पुलिस को सामने देख कर एक बुजुर्ग महिला अपने पति पर आऱोप लगाने लगी।
बता दें कि इस वीडियो को सोशल मीडिया पर अब तक कई लोगों ने देखा है। बहरहाल महिला की बातों को सुनने के बाद प्रशासन ने उसके पति को सख्त चेतावनी दी कि वो ऐसा काम बिल्कुल ना करें।
देखें वीडियो:
प्रशासन ने इलाके के अन्य लोगों से भी अपील की है कि वो गैरजरुरी धरना प्रदर्शन में शामिल ना हों और इलाके में शांति बनाए रखें।

