उत्तर प्रदेश में हुई इस शर्मनाक घटना ने भाई-बहन के रिश्ते को तार-तार कर दिया है। मेरठ में 7 साल की एक नाबालिग बच्ची ने अपने सगे भाई और उसके तीन दोस्तों पर उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। यह लड़की बोल पाने में सक्षम नही है।
मूकबधिर होने की वजह से उसने इशारे से अपने साथ हुई दरिंदगी के बारे में परिजनों को बताया। जानकारी के मुताबिक यह घटना बीते रविवार (4 अगस्त, 2019) की रात की है। इस दिन चार लड़के रात करीब 9 बजे इस बच्ची को अपने साथ खाली पड़े एक मकान में ले गए। यहां बता दें कि चारों लड़कें नाबालिग थे।
आरोप है कि सुनसान पड़े इस मकान में इन चारों लड़कों ने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं चारों ने मिलकर उसका मुंह बंद कर दिया जिसकी वजह से वो बेहोश हो गई। गैंगरेप के बाद यह सभी बच्ची को बदहवास हालत में छोड़ कर फरार हो गए। थोड़ा संभलने के बाद बच्ची किसी तरह अपने घर पहुंची।
बच्ची ने अपनी बुआ से इशारे में बातचीत कर अपने साथ हुई ज्यादती के बारे में बताया। बच्ची अपने परिजनों को उस खाली पड़े मकान में भी लेकर गई। बच्ची की निशानदेही पर उसके परिजनों ने तीन लड़कों को पहले पकड़ा। पूछताछ में इन तीनों ने इस बात की जानकारी दी कि इस कांड में पीड़िता का भाई भी शामिल है।
इसके बाद बच्ची ने परिवारवालों के सामने इशारे से अपने भाई की पहचान भी की। परिजनों ने इन चारों के खिलाफ थाने में केस दर्ज कराया। जानकारी के मुताबिक लड़की के भाई की उम्र 12 साल है जबकि तीन अन्य आरोपियों की उम्र 13-14 साल है। इधर बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस की शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि बच्ची के साथ पहले भी कई बार दुष्कर्म किया गया है। बहरहाल अब पुलिस इस मामले की गहराई से छानबीन कर रही है और सभी 4 आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई में जुटी है। (और…CRIME NEWS)

