बिहार में थानेदार के घर डकैती से हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि हथियारों से लैस नकाबपोश डकैतों ने थानेदार के घर जमकर लूटपाट मचाया है और फिर वहां से फरार भी हो गए। मामला सहरसा जिले का है। बताया जा रहा है कि नरियार मोहल्ले में थानेदार रंजन कुमार का घर है। रंजन कुमार फिलहाल कटिहार के प्राणपुर थाने में थानाध्यक्ष के पद पर पदस्थापित हैं।
16 मार्च, 2020 की शाम करीब साढ़े सात बजे छह-सात की संख्या में आए कुछ हथियारबंद नकापोश उनके घर में घुसे। इनमें से तीन बदमाशों ने अपने चेहरे को ढक लिया था। घर में उस वक्त थानेदार के ससुर रामबहादुर सिंह और उनकी बेटी मौजूद थीं। डकैतों ने घर में दाखिल होते ही हथियार के बल पर इन्हें कब्जे में ले लिया। इतना ही नहीं उन्होंने धमकी दी कि अगर किसी ने शोर मचाने की कोशिश की तो वो उन्हें जान से मार देंगे।
घरवालों को कब्जे में लेने के बाद डकैतों ने घर में रखे 4 लाख रुपए नगद और 2 लाख रुपए के जेवरात लूट लिए और फिर आराम से वहां से चलते बने। थानेदार के घर डकैती की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस के बड़े अधिकारी हालात का जायजा लेने के लिए मौके पर पहुंच गए। इतना ही नहीं डकैतों को दबोचने के लिए खोजी कुत्तों को भी लगाया गया। लेकिन सभी कोशिशें नाकाम रहीं।
इधर प्राणपुर थानेदार भी अपने घर पहुंच गए। थानेदार के घर डकैती की इस वारदात से इलाके के सभी लोग हैरान हैं। डकैतों को पकड़ने के लिए पुलिस बड़े पैमाने पर कोशिश कर रही है। पुलिस का कहना है कि इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद सभी डकैतों की गिरफ्तारी के लिए कोशिशें तेज कर दी गई हैं।

