बिहार के बक्सर जिले में एक पिता पर अपनी बेटी के साथ कई बार रेप करने का आरोप लगा है। इस मामले में बच्ची की शिकायत के बाद मां ने थाने में जाकर अपने पति के खिलाफ केस दर्ज कराया है। बताया जा रहा है कि 13 साल की लड़की का पिता दुबई में काम करता था। लेकिन कुछ महीनों पहले वो दुबई से लौट कर बिहार अपने घर आया था।
13 साल की लड़की ने पुलिस को बताया कि सबसे पहले फरवरी के महीने में उसके पिता ने उसके इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया था। उस वक्त उसने अपनी मां को भी इस बारे में बताया था। उस वक्त युवक ने अपनी पत्नी और बेटी को डराया-धमकाया और उनके साथ मारपीट की थी।
लड़की का आऱोप है कि डरा-धमका कर उसके पिता ने इसके बाद कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया। हाल ही में लड़की की मां ने इस मामले में स्थानीय थाने में जाकर अपने पति के खिलाफ केस दर्ज कराया। पुलिस ने इस मामले में तुरंत पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया और आरोपी पिता को रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया।
बताया जा रहा है कि आऱोपी युवक को 16 साल का एक बेटा भी है। इसके अलावा उसकी 3 बेटियां हैं। युवक का बेटा भी उसकी इस हरकत का विरोध करता था लेकिन यह युवक उसे भी डरा-धमका कर चुप करा देता था। यह भी पता चला है कि लड़की के आरोपी पिता को जुए और शराब की लत भी थी। अपनी करतूत को छिपाने के लिए उसने घर में किसी के भी आने-जाने पर पूरी तरह रोक लगा दी थी।
नियमों के मुताबिक पकड़े गए युवक का कोरोना टेस्ट कराया गया। सोमवार को युवक की कोरोना रिपोर्ट पॉजीटिव आई। जिसके बाद से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। इसके अलावा न्यायालय कर्मियों में भी इस बात को लेकर हड़कंप मचा हुआ है क्योंकि युवक को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया था। यहां प्रशासन ने अपने स्तर से कई कर्मचारियों को क्वारन्टीन रहने की सलाह दी है।
