बिहार में चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दल व्यस्त हैं। इस बीच यहां भारतीय जनता पार्टी (BJP) नेता की पिटाई कर दी गई। यह मामला कटिहार जिले का है। बताया जा रहा है कि यहां बीजेपी के एक नेता को महिला के साथ आपत्तिजनक हालत में पकड़ लिया गया। जिसके बाद दोनों की जमकर पिटाई कर दी गई। जिस बीजेपी नेता की पिटाई की गई है उनका नाम मोहम्मद मिनहाज आलम बताया जा रहा है। मिनहाज आलम के बारे में कहा जा रहा है कि वो भारतीय जनता पार्टी के अल्पसंख्यक मोर्चा के आजमनगर प्रखंड के युवा अध्यक्ष हैं।
बीजेपी नेता की पिटाई का एक वीडियो भी वायरल हुआ है। वीडियो में नजर आ रहा है कि मिनहाज आलम की रस्सी से बांध कर पिटाई की गई है। लोगों की भारी भीड़ भी वीडियो में नजर आ रही है। यह भीड़ महिला की पिटाई करती भी नजर आ रही है।
महिला के बारे में बताया जा रहा है कि वो पहले से ही शादीशुदा हैं। मिनहाज आलम और इस महिला के बीच पुरानी जान-पहचान थी और वो अक्सर महिला से मिलने उनके घर आया करते थे। यहां लोगों ने मिनहाज आलम औऱ महिला को रंगेहाथ धर लिया जिसके बाद दोनों की पिटाई कर दी गई।
वीडियो वायरल होने के बाद इस मामले में पुलिस ने अपनी छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि नेता की पिटाई करने वाले लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। वहीं मिनहाज आलम ने अपने ऊपर लग रहे आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि उन्हें साजिश के तहत फंसाया जा रहा है।