फूलन देवी, सीमा परिहार समेत कई दस्यु सुंदरियों की कहानियां हमने आपको बताई हैं। आज हम जिस महिला डकैत की यहां चर्चा कर रहे हैं वो मूल रूप से बिहार की रहने वाली हैं। उन्हें बिहार का ‘बैंडिट क्वीन’ भी कहा जाता है। राज्य के मधुबनी जिले से ताल्लुक रखने वाली इस बैंडिट क्वीन के बारे में आपको कहा जाता है कि उनके गांव के कुछ लोगों और उनके कुछ अपने रिश्तेदारों ने उन्हें गैंगरेप का शिकार बनाया था। जिसके बाद वो जरायम की दुनिया में आई थीं।
कहा जाता है कि बरसों पहले जमीन के विवाद के बाद इस महिला के साथ कई लोगों ने गैंगरेप किया था। इसके बाद इस महिला ने बदले की भावना से प्रेरित होकर हथियार उठा लिया। हथियार उठाने के बाद महिला पर हत्या, डकैती, रंगदारी और लूटपाट के कई केस दर्ज हुए। अलग-अलग क्रिमिनल केसों में इस महिला ने लगभग 5 साल तक जेल में भी गुजारे।
निर्देशक हैदर काजमी ने बिहार की इस बैंडिट क्वीन की जिंदगी पर फिल्म बनाई थी। पिछले साल फिल्म की शूटिंग बिहार के अलग-अलग स्थानों पर हुई थी। फिल्म में महिला डकैत की असली जिंदगी को ना सिर्फ दिखाया गया है बल्कि खुद इस महिला डकैत ने फिल्म में मुख्य किरदार भी निभाया है।
चर्चित निर्देशक हैदर काजमी ने उस वक्त मीडिया को बताया था कि इसमें एक ऐसी रेप पीड़िता की कहानी है, जिसका उसके ही रिश्तेदारों और साथी ग्रामीणों ने गैंग रेप किया था और फिर वह इस अन्याय का बदला लेने के लिए हथियार उठाती है। उन्होंने बताया था कि इस बायोपिक की पूरी शूटिंग बिहार के जहानाबाद समेत अन्य लोकेशन पर हुई है।
इस फिल्म में चर्चित अभिनेता अभिमन्यु सिंह के अलावा, ओमकार दास मानिकपुरी (पीपली लाइव फेम) भी एक मुख्य किरदार में नजर आएंगे। इस फिल्म की लीड किरदार में खुद महिला डकैत नजर आएंगी। फिल्म में हैदर काजमी भी अभिनय करते दिखेंगे। UPJ फिल्म्स प्रोडक्शन के बैनर तले बनी इस फिल्म के PRO रंजन सिन्हा हैं। फिल्म की कहानी शिवराम यादव (Shivram Yadav) ने लिखी है।

