असम के डिब्रूगढ़ में सोमवार को असम मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के डॉक्टर को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि आरोपी ने महिला सहकर्मी से रेप की घटना को अंजाम दिया है। आरोपी डॉक्टर सर्जिकल यूनिट में रजिस्ट्रार के पद पर कार्यरत है। पीड़िता ने स्थानीय पुलिस से मदद की गुहार लगाई थी। जिसके बाद पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
आरोपी डॉक्टर पर IPC की विभिन्न धाराओं के तहत केज दर्ज किया गया था। डिब्रूगढ़ के एसपी स्वेतांक मिश्रा ने इंडिया टुडे को बताया, पीड़ित महिला ने पुलिस को लिखित शिकायत दी थी। पीड़िता की शिकायत के आधार पर फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। वह मेडिकल कॉलेज में भी डॉक्टर है। फिलहाल आरोपी से इस मामले में पूछताछ चल रही है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ रेप की घटना को अंजाम दिया।
पुलिस ने बताया, ‘आरोपी डॉक्टर और महिला साल 2018 से रिलेशनशिप में हैं और उनके परिजन इस रिश्ते से बिल्कुल भी खुश नहीं थे। परिजनों ने इस रिश्ते को तुरंत खत्म करने के लिए भी कहा था। पीड़ित के अनुसार, आरोपी ने बाद में शादी से इनकार कर दिया था और परिजनों की बात मानते हुए कहा था कि वह पीड़िता से शादी नहीं कर सकता। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया जिसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। असम के डिब्रूगढ़ का ये तीसरा केस है।
यूपी में पहचान छिपाकर रेप का आरोप: उत्तर प्रदेश में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां युवक ने अपनी पहचान छिपाकर महिला को अगवा कर लिया था और फिर कथिततौर पर उसके साथ रेप किया था। इतना ही नहीं आरोपी महिला पर धर्म परिवर्तन का भी दबाव बना रहा था। पुलिस ने पीड़िता के पिता की शिकायत के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पीड़िता की वीडियो भी बना ली थी।