आंध्रप्रदेश के विजयवाड़ा के कनिगिरी प्रकासम जिले में एक युवक अपनी पत्नी के टिक टाक वीडियो बनाने की आदत से परेशान होकर कथित रूप से उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। आरोपी ने मारने के बाद लाश को पंखे से लटका दिया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटने का खुलासा होने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म भी कबूल कर लिया।

हत्या को खुदकुशी का रूप देने का किया प्रयास : आरोपी युवक का नाम चिन्नापाचू साहिब है और वह पेशे से दर्जी है। उसकी पत्नी का नाम फातिमा बताया गया। 27 अक्टूबर को तीस वर्षीय फातिमा अपने घर के पंखे पर लटकती मिली। शुरुआत में पुलिस को लगा कि यह आत्महत्या का मामला है। जब पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजा तो मामला कुछ और निकला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, फातिमा की मौत फांसी लगाने से नहीं हुई थी, उसका गला घोंटा गया था। इसका पता चलने के बाद पुलिस ने नए सिरे से मामले की जांच शुरू की।

Hindi News Today, 08 November 2019 LIVE Updates: देश-दुनिया की तमाम अहम खबरों के लिए क्लिक करें

रिश्तेदारों ने बताया- पति-पत्नी की में होती थी लड़ाई : पुलिस ने परिवार के लोगों और रिश्तेदारों से पूछताछ की तो पता चला कि चिन्नापाचू साहिब पत्नी की टिकटाक पर वीडियो बनाने की आदत से परेशान था। इसको लेकर उसकी अक्सर लड़ाई होती थी। वह कई बार उसको मना कर चुका था कि वह टिकटाक वीडियो न बनाए और न ही उसे शेयर करे, लेकिन वह मानती नहीं थी। इससे वह अक्सर गुस्से में आ जाता था।

पूछताछ में आरोपी ने जुर्म कबूला : जब आरोपी चिन्नापाचू को पता चला कि पुलिस उसे पकड़ने वाली है तो वह घर से भाग निकला। हालांकि पुलिस ने उसे उसकी दुकान के पास से ही पकड़ लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने पुलिस को बताया कि उसकी आदत को लेकर उसकी कई बार पत्नी से बहस हो चुकी है, लेकिन वह सुधर नहीं रही थी। इससे वह परेशान हो गया था। गुस्से में आकर उसने रोटी बेलने वाले बेलना से उसका गला घोंट दिया। कनिगिरी पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।