अमेरिका के मौजूदा राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप, पूर्व राष्ट्पति बिल क्लिंटन समेत कई बड़ी हस्तियों के करीबी रह चुके करोड़पति शख्स जेफरी इपस्टिन की मौत इसी साल हुई है। जेफरी के मरने के बाद अब कई ऐसी लड़कियां सामने आ रही हैं जिन्होंने आरोप लगाया है कि जब जेफरी जिंदा था तो उसने उनका रेप किया। जेफरी के प्राइवेट प्लेन में बतौर एयर होस्टेस काम कर चुकी एक महिला ने जेफरी पर उसके साथ कई बार दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है।
मंगलवार (27-08-2019) को न्यूयॉर्क की एक अदालत में सुनवाई के दौरान पहली बार इस महिला ने इन आरोपों पर खुलकर अपनी बात कही। इस महिला के अलावा भी कई अन्य महिलाओं ने भी जेफरी पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। अदालत में कई सारी महिलाएं अपनी आपबीती लेकर सुनवाई के वक्त मौजूद थीं।
पीड़ित ने बताया कि वो जेफरी के प्राइवेट प्लेन ‘Lolita Express’ में एयर होस्टेस के पद पर काम करती थीं। महिला के मुताबिक काम करने के दौरान जेफरी उसे अपने निजी Caribbean आईलैंड पर इरोटिक मसाज देने के लिए कहता था। इस दौरान कई बार जेफरी ने उनके साथ बलात्कार किया। पीड़िता ने अदालत को बताया कि रेप के बाद 2 हफ्ते तक उन्हें उल्टियां हुई थीं और अस्पताल में वो जिंदगी और मौत की जंग भी लड़ रही थीं।
पीड़िता ने बताया कि ‘जब उन्होंने पहली बार मेरी कलाई पकड़ी थी तब मैंने उनसे यह सब रोकने के लिए कहा था लेकिन वो नहीं माने।’ पीड़िता ने बताया कि रेप के जख्मों से बाहर आने में उसे काफी वक्त लगा। इस महिला ने कहा कि ‘कोर्ट में मौजूद हम सभी महिलाओं का यौन शोषण हुआ…हम सभी मुश्किल हालातों से गुजरे और वो आज मर कर भी जीत गया है।’
आपको बता दें कि साल 2015 में एक साक्षात्कार के दौरान इसी महिला ने जेफरी पर ट्रैफिकिंग के लगे आरोपों के बारे में बातचीत करते हुए उनके खराब व्यवहार को माना था। हालांकि उस वक्त इस महिला ने खुद को जेफरी का शिकार नहीं बताया था। इसपर इस महिला ने कहा कि उस वक्त वो पीड़िता नहीं थीं लेकिन जेफरी अक्सर उनके जरिए अपने आईलैंड पर जवान लड़कियों को बुलवाता था।
इस महिला ने बताया कि एक बार वो बिल क्लिंटन के साथ उनकी बेटी के लिए ब्रासलेट खरीदने अफ्रीका गई थीं। इस ट्रिप के लिए पैसे जेफरी ने ही दिए थे। उन्होंने बताया कि बिल क्लिंटन समेत कई बड़ी हस्तियां भी जेफरी के विमान से अक्सर यात्रा करते थे। हालांकि इस महिला ने कहा कि बिल क्लिंटन और उनके बीच कभी कुछ भी नहीं हुआ था।
कई लोगों ने आरोप लगाया है कि जेफरी अपने विमान का इस्तेमाल अश्लील कामों के लिए किया करता था। उसके प्लेन से अक्सर नाबालिग लड़कियों को उसके न्यूयॉर्क और पाम बीच स्थित घर ले जाया जाता था। बता दें कि जेफरी इपस्टिन को इसी साल 6 जुलाई को गिरफ्तार किया गया था। उसपर यौन अपराधों से जुड़े कई चार्ज लगे थे।
10 अगस्त को मैनहटन स्थित Metropolitan Correctional Center स्थित जेल में जेफरी मृत अवस्था में मिला था। ऑटोप्सी रिपोर्ट से खुलासा हुआ था कि जेफरी ने खुद को फांसी लगा ली थी। जेफरी की मौत की जांच एफबीआई समेत कई बड़ी एजेंसियों ने की है। जेफरी को इस साल न्यूयॉर्क में तब गिरफ्तार किया गया था जब अपने ऊपर लगे आरोपों पर सुनवाई के दौरान वह कभी भी अदालत में हाजिर नहीं होता था। (और…CRIME NEWS)

