क्राइम फाइल में आज बात मशहूर एक्टर और सिंगर करण ओबेरॉय की। मनोरंजन जगत में करण ओबेरॉय एक जाना-पहचाना नाम हैं। मशहूर टीवी सीरियल ‘जस्सी जैसी कोई नहीं’ में करण ओबेरॉय नजर आए थे और इस सीरियल से उनकी पहचान भी बनी थी। लेकिन साल 2019 में जब पुलिस ने अचानक करण ओबेरॉय को गिरफ्तार कर लिया था तब मनोरंजन जगत सन्न रह गया था। जी हां, उस वक्त एक्टर-सिंगर करण ओबेरॉय को एक महिला से दुष्कर्म और उन्हें ब्लैकमेल करने के आरोप में गिफ्तार किया गया था।
दरअसल उस साल न्यूज एजेंसी ‘PTI’ के हवाले से खबर आई थी कि अप्रैल-मई के महीने में एक महिला ने थाने में करण ओबेरॉय के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। महिला का कहना था कि वो साल 2016 से करण ओबेरॉय के साथ रिलेशनशिप में थी। करण ओबेरॉय पर इल्जाम लगाते हुए महिला ने अपनी शिकायत में कहा था कि शादी का लालच देकर एक्टर ने कई बार उनके साथ दुष्कर्म किया।
महिला का यह भी आरोप था कि करण ओबेरॉय ने महिला का आपत्तिजनक वीडियो भी बनाया था और इस वीडियो के जरिए वो उन्हें ब्लैकमेल कर पैसों की डिमांड करते थे। महिला के मुताबिक अभिनेता ने पैसे नहीं देने पर वीडियो क्लिप को जारी कर देने की धमकी भी दी थी।
महिला की इसी शिकायत के आधार पर उस वक्त करण ओबेरॉय को गिरफ्तार किया गया था। उनपर भारतीय दंड संहिता की धारा 376 (दुष्कर्म) और 384 (उगाही) करने के तहत यह केस दर्ज किया गया था। बता दें कि करण ओबेरॉय ने “Inside Edge” में भी काम किया था। इसके अलावा वो चर्चित म्यूजिक ग्रुप Band of Boys का हिस्सा भी रहे हैं।
आपको बता दें कि इस मामले में अभिनेता करीब 1 महीने तक जेल में रहे थे। इसके बाद अभिनेता करण ओबेरॉय पर रेप का आरोप लगाने वाली महिला को भी क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया था। दरअसल महिला पर आरोप लगा था कि उसने अभिनेता को फंसाने के लिए खुद पर प्लांड तरीके से झूठा हमला करवाया था। पुलिस ने आईपीसी की धारा 120 के तहत महिला को गिरफ्तार किया था।
