वो इंसानों की बेरहमी से हत्या करता और फिर उन्हें बोटी-बोटी कर देता। इस खूंखार सीरियल किलर की खूनी दास्तान आपको सोचने पर मजबूर कर देगी कि क्या कोई इंसान इतना भी बेरहम हो सकता है? बीते मंगलवार (29-01-2019) को उसे आठ लोगों की हत्या का दोषी पाया गया। यह सभी टोरंटो के समलैंगिक समुदाय से जुड़े हुए थे। इसने इन सभी लोगों के टुकड़े-टुकड़े कर उन्हें छिपा दिया था। ऐसी उम्मीद है कि इस दुर्दांत हत्यारे को उम्रकैद की सजा मिलेगी। 4 फरवरी से उसकी सजा पर सुनवाई शुरू होनी है। इस दौरान पीड़ित परिवार के लोगों के पास भी एक बड़ा मौका होगा जब वो अदालत को बताएंगे कि कैसे इस शख्स की करतूतों की वजह से उनकी जिंदगी नर्क हो गई।
67 साल के ब्रूश मैकआर्थर की हैवानियत के बारे में जानकर कनाडा के लोग स्तब्ध हैं। खासकर गे कम्यूनिटी के लोग इन हत्याओं के बारे में सुनकर हैरान हैं। पेशे से Landscaper मैकआर्थर ने टोरंटो में कई जगहों पर काम किया है। मैकआर्थर के दोषी पाए जाने के बाद डिटेक्टिव डेविड डिकिन्सन ने कहा कि ‘दुर्भाग्य से हम मारे गए लोगों को वापस नहीं ला सकते। लेकिन मुझे आशा है कि हम उनके परिवार वाले और समुदाय के लोगों के दिल से खौफ निकालने की कोशिश जरुर कर रहे हैं।’ उन्होंने बताया कि मैकआर्थर को न्यायिक प्रक्रिया तक पहुंचाना इतना आसान भी नहीं रहा।
मैकआर्थर को जनवरी 2018 में गिरफ्तार किया गया था। सात लोगों के शरीर के टुकड़े मैकआर्थर ने टोरंटो में अपने एक ग्राहक के घर में छिपा रखा था, जिसे पहले बरामद किया गया। इसके बाद एक और शख्स के शरीर के टुकड़े बरामद किए गए। जिन लोगों को मैकआर्थर ने मारा है उनमें उसका गे साथी , अफगान से आए प्रवासी, श्रीलंका और इरान से आए रिफ्यूजी, टर्किश का रहने वाला एक शख्स और एक बेघर सेक्स वर्कर शामिल हैं। यह सभी साल 2010 से 2017 के बीच अचानक लापता हुए थे।
जिस घर में मैकआर्थर ने इंसानों की बोटी छिपा कर रखी थी उस घर की मालकिन केरेन फ्रेजर को जब इस बात का पता चला तो उन्होंने कहा कि ‘यह बेहद डरावना है। मेरे लिए वो दैत्य है।’ इस केस के अभियोक्ता मिशेल कैंटलन ने कोर्ट को बताया कि अपने शिकार की हत्या करने के बाद मैकआर्थर उनके साथ तस्वीर भी लेता था। उसने गहने और नोटबुक को किसी इनाम की तरह अपने घर में सजा रखे थे। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि कुछ लोगों को मारने से पहले उनका यौन शोषण भी किया गया था।
Alliance for South Asian AIDS Prevention के सदस्य हरन विजयनाथ ने कहा कि अगर आर्थर ने इस भयानक दास्तान को उजागर नहीं किया होता तो शायद हम कभी इन सभी मामलों के बारे में नहीं जान पाते। जब पुलिस ने जनवरी में आर्थर को उसके घर से गिरफ्तार किया था तब उस वक्त उसने अपने कमरे में एक शख्स को रस्सी से बांध रखा था। किस्मत से उस शख्स को मैकआर्थर ने किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचाया था।
पुलिस ने अपनी कार्रवाई के दौरान एक टेप, सर्जिकल दस्ताना, रस्सी, सीरिंज जैसी कई संदिग्ध चीजें भी एक बैग से बरामद किये हैं। साक्ष्य बताते हैं कि पीड़ितों को मारने से पहले उन्हें बांधकर उनके साथ यौन शोषण किया जाता था। साल 2017 के सितंबर महीने में मैकआर्थर पर उस वक्त पुलिस को सबसे पहले शक हुआ जब अचानक उसका साथी एंड्रिव किन्समैन गायब हो गया। हालांकि पुलिस को उस वक्त अंदाजा नहीं था कि मैकआर्थर एक सीरियल किलर बन चुका है।
जानकारी के मुताबिक मैकआर्थर ने साल 1997 में अचानक अपनी पत्नी और दो बच्चों को छोड़ दिया और टोरंटो आ गया। इसके बाद वो गे कम्यूनिटी से जुड़ गया। एक वेश्या को लोहे की पाइप से पीटने की वजह से वो पहले भी पकड़ा जा चुका है। पुलिस अब बरसों पहले हुई 15 हत्याओं को भी मैकआर्थर से जोड़ कर जांच कर रही है। क्योंकि मैकआर्थर ने जिस तरह हत्याएं की हैं उन सभी 15 लोगों की हत्या भी वैसे ही की गई थी। फिलहाल मैकआर्थर जेल में अपनी गुनाहों की सजा भुगत रहा है।
