दिल्ली में 91 साल के एक बुजुर्ग का अपहरण किये जाने से सनसनी मच गई है। हैरानी की बात तो यह भी है कि बदमाश बुजुर्ग को एक फ्रिज में डाल कर ले गए और किसी को पता तक नहीं चला।। यह मामला ग्रेटर कैलाश का है। घर में लूटपाट के इरादे से घुसे कुछ बदमाशों ने इस अपहरण की घटना को अंजाम दिया है। बताया जा रहा है कि इस घटना में बुजुर्ग के नौकर का ही हाथ है।

दरअसल ग्रेटर कैलाश के कोठी नंबर M-75 में कृष्ण खोसला अपनी पत्नी और नौकर के साथ रहते थे। शनिवार की शाम करीब 5 बजे कृष्ण खोसला के घर के सामने एक मिनी ट्रक आकर रुकी। इस ट्रक से उतरे 5 लोग अचानक खोसला के घर में दाखिल हुए और उन्होंने दंपती को नशीला पदार्थ देकर सबसे पहले बेहोश कर दिया। इसके बाद इन सभी ने मिलकर घर में लूटपाट मचाया। लेकिन जाते-जाते इन बदमाशों ने कृष्ण खोसला को फ्रिज में डालकर उन्हें किडनैप कर लिया।

फ्रिज को ट्रक में डालकर यह उन्हें लेकर अपने साथ चले गए। सुबह होश आने के बाद खोसला की पत्नी ने थाने में जाकर अपनी शिकायत दर्ज कराई है। फ्रिज में किडनैपिंग की खबर सुनकर पुलिस के भी कान खड़े हो गए। पुलिस ने इस मामले में जांच तेज कर दी है।

खोसला की पत्नी ने पुलिस को जानकारी दी है कि उनका नौकर मूल बिहार का रहने वाला था और पिछले 1 साल से उनके यहां काम कर रहा था। घटना के बाद से नौकर फरार है और घरवालों को अब पुलिस से ही आस है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्दी वो इस केस को सुलझा लेंगे।

https://www.youtube.com/watch?v=kXT2lfgvKog

इधऱ इस पूरी घटना के बाद खोसला के पड़ोस में रहने वाले लोग हतप्रभ हैं। उनका कहना है कि इलाके में चोरी की घटनाएं कभी-कभी होती हैं। लेकिन इस तरह घर में लूटपाट मचाने और किसी के अपहरण की यह अपने आप में अनोखी घटना है। (और…CRIME NEWS)