दिल्ली के रोहिणी में 9 साल की बच्ची के अपरहण का मामला सुलझ गया है। बच्ची को किडनैप करने वाले शख्स को पुलिस ने तीसरे दिन उत्तर प्रदेश में महोबा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी शख्स ने अपहरण की बात कबूल कर ली है और इस अपराध की वजह भी बताई है। किडनैपिंग की वजह जानकर आप भी सोच में पड़ जाएंगे। पुलिस ने मंगलवार (04 जून 2019) को अपहरणकर्ता को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी शख्स ने अपहरण की वजह बच्ची की मां से शादी न होना बताया।

दरअसल, आरोपी शख्स बच्ची की मां से शादी करना चाहता था, जोकि दिल्ली के रोहिणी इलाके में ही रहती है। शख्स ने जब बच्ची की मां के सामने शादी करने का प्रस्ताव रखा तो महिला ने साफ इनकार कर दिया। इनकार सुनने के बाद शख्स इस घटना को अंजाम देने का मन बनाया। आरोपी बच्ची के जरिए मां पर शादी का दबाव बनाने की कोशिश में था। लेकिन समय रहते पुलिस ने उसके मंसूबों पर पानी फेर दिया और आरोपी की पूरी प्लानिंग धरी की धरी रह गई।

पुलिस ने बताया कि रविवार दोपहर को नाबालिग लड़की उस वक्त लापता हो गई थी जब वह कुछ सामान लेने के लिए पड़ोस की दुकान पर गई थी। तभी आरोपी कमलेश ने मौका पर लड़की को अगवा कर लिया था। लड़की जब काफी देर तक घर नहीं लौटी तो उसकी मां ने विजय विहार थाने का रुख किया और एक शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उसकी लड़की रविवार को अपने घर के पास से लापता हो गई। पुलिस ने बताया कि लापता लड़की का पता लगाने के लिए चार थाने के 75 कर्मियों की 12 टीम बनाई गई थी। पुलिस उपायुक्त (रोहिणी) एस डी मिश्रा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज को खंगाला गया जिसके आधार पर घटनाक्रम का पता लगाया गया। आरोपी कमलेश को लड़की के साथ उत्तर प्रदेश में महोबा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया।