महज 8 साल की उम्र में इस बच्चे ने पहला खौफनाक क्राइम किया। इस लड़के के बारे में सुनकर हर कोई हैरान है। सभी यह सोच रहे हैं कि क्या कोई मासूम सा दिखने वाला लड़का इतनी क्रूरता से मर्डर भी कर सकता है? यह मामला साउथ दिल्ली के फतेहपुरी बेरी थाना इलाके का है। इस इलाके में रहने वाले 8 साल के बच्चे पर आरोप है कि उसने अपने पड़ोस में रहने वाले डेढ़ साल के एक मासूम का बेरहमी से कत्ल कर दिया। इस मर्डर को लड़के ने बेहद ही चालाकी से अंजाम दिया। जानकारी के मुताबिक बीते शनिवार (27 अप्रैल, 2019) की अहले सुबह इस लड़के ने डेढ़ साल के मासूम को उस वक्त अगवा कर लिया जब वो अपनी मां और बड़ी बहन के साथ सो रहा था। जाहिर है पड़ोसी के घर दबे पांव घुसने के लिए इस लड़के ने सुबह की पहली किरण निकलने तक का इंतजार किया।
इसने नींद में सो रहे बच्चे को अगवा करने के बाद उसे सीधे घर से कुछ ही दूर बने नाले में ले जाकर डूबा दिया। उसने कई बार निर्ममता से डेढ़ साल के मासूम को नाले में डूबोया। लेकिन इतने से भी इसका कलेजा नहीं भरा। लड़के ने इस मासूम पर ईंट और पत्थर से कई जगह वार किए। मासूम की हत्या करने के बाद उसने उसे वहीं फेंक दिया। इधर नींद खुलने के बाद जब बच्चे की मां ने अपने मासूम को अपने पास नहीं पाया तो उनके होश उड़ गए। बच्चे की खोजबीन करने के बाद घर के लोगों ने स्थानीय पुलिस को घटना के बारे में इत्तिला किया।
खबर मिलते ही जांच के लिए पहुंची पुलिस को जांच के दौरान पता चला कि मुहल्ले से 8 साल का एक और बच्चा गायब हुआ है। थोड़ी ही तफ्तीश के बाद पुलिस ने डेढ़ साल के मासूम का शव बरामद कर लिया और कुछ देर बाद 8 साल के बच्चे को भी पुलिस ने ढूंढ निकाला। पुलिस ने इस मासूम से उसके गायब होने के बारे में जब पूछताछ शुरू कि तो उसने सारी कहानी बयां कर दी। पुलिस को इस बच्चे ने यह भी बताया कि उसने बदला लेने के लिए डेढ़ साल के मासूम की हत्या कर दी। बच्चे ने बताया कि कुछ दिनों पहले मृतक बच्चे की बहन ने उसके भाई को थप्पड़ मारा था। इसी बात का बदला लेने के लिए उसने लड़की के भाई को बेहरमी से मौत के घाट उतार दिया। 8 साल के मासूम के मुंह से इकबालिया जुर्म सुन पुलिस भी दंग रह गई। बहरहाल आपको बता दें कि इस मामले में आरोपी लड़का अभी नाबालिग है लिहाजा पुलिस जुवेनाइट जस्टिस एक्ट के तहत ही कार्रवाई में जुटी है। (और…CRIME NEWS)
