तमिलनाडु में एक 70 साल के बुजुर्ग की उसी के घरवालों ने जान ले ली। बुजुर्ग की निर्मम तरीके से हत्या की गई। पुलिस को आशंका है कि परिवार ने बहू के साथ बुजुर्ग का अफेयर होने के शक पर हत्या की है। मामला जे जे नगर का है। जहां 70 वर्षीय येसुराजन नाम के बुजुर्ग का शव सोमवार को उसके घर पर ही बरामद हुआ।
येसुराजन तमिलनाडु के अंबात्तुर इलाके में एक वर्कशॉप चलाते थे। वह अपने घर पर पत्नी काला के साथ रहते थे। यहीं उनके साथ उनका शादीशुदा बेटा और बेटी भी रहते हैं। बीते कुछ समय में परिवार को शक हो गया कि बुजुर्ग का अफेयर बहू के साथ हो गया। बताया जा रहा है कि, बुजुर्ग ने अपनी सारी दौलत बहू के नाम कर दी थी। इसी की जानकारी जब बुजुर्ग की पत्नी को हुई तो उसने सारी कहानी अपनी भाई गोपाल को बताई।
परिवार ने सम्पत्ति अपने हाथ से जाता देख येसुराजन की हत्या की साजिश रची। बुजुर्ग की हत्या के लिए काला ने अपने भाई गोपाल, बहन डेजी, बेटी जेनीफर और उसके पति प्रिंस जेवियर को अपने साथ मिला लिया। योजना बनाने के कुछ दिन बाद ही जब येसुराजन सो रहे थे तब परिवारवालों ने मिलकर येसुराजन के मुंह पर तकिया रखकर हत्या कर दी। इसके बाद सभी फरार हो गए। इस घटना की जानकारी पड़ोसियों ने पुलिस को दी। अब पुलिस ने घटना में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस पूछताछ में सभी आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने स्वीकारा है कि बहू से येसुराजन का अफेयर था। साथ ही संपत्ति के लिए बुजुर्ग की हत्या की। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की कोर्ट में पेशी कराई। जहां से सभी को जेल भेज दिया गया।