यूपी के सहारनपुर में एक मंदबुद्धि किशोर के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना देवबंद थाना क्षेत्र की है। यहां के रहने वाले 60 साल के आदेश त्यागी पर आरोप है कि उसने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सागर जैन ने मीडिया को बताया कि देवबंद के एक गांव मे 60 साल के व्यक्ति ने गांव के ही 13 साल के मंदबुद्धि किशोर को बहला-फुसला कर उससे कथित तौर पर दुष्कर्म किया। उन्होंने बताया कि आरोपी की इस करतूत की किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दी।
जैन ने आगे कहा कि आरोपी आदेश त्यागी के खिलाफ पीड़ित के परिजनों की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद हुआ खुलासा
रिपोर्ट के अनुसार, किसी ने सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो शेयर कर दिया था। इसके बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आय़ा औऱ आरोपी को गिरफ्तार किया गया। नाबालिग मंदबुद्धि था इस कारण उसने किसी से घटना के बारे में बताया नहीं था। आरोपी उसे बहला फुसलाकर अपने पास बुलाता फिर कुकर्म को अंजाम देता।
पीड़ित के परिजनों को भी इस शर्मनाक घटना के बारे में जानकारी नहीं थी। जब उन्हें पता चला तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। पुलिस इस बारे में भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं आरोपी बार-बार तो ऐसा नहीं करता था? फिलहाल मामले में जांच जारी है।
रेप का दोषी 14 साल बाद हुआ गिरफ्तार
गुजरात पुलिस के वडोदरा डिटेक्शन ऑफ क्राइम ब्रांच (DCB) ने गुरुवार को जेल से भागने के चौदह साल बाद एक अपराधी को गिरफ्तार किया। फरार अपराधी को साल 2004 में सिलवासा में एक नाबालिग लड़की के अपहरण, बलात्कार और हत्या के मामले में कोर्ट ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी।