देश में दरिंदगी की घटनाएं बढ़ती ही जा रही है। कड़े हुए कानूनों को ठेंगे पर रख हैवान बच्चियों की मासूमियत पैरों तले रौंदने में जरा भी नहीं सोच रहे। एक बार फिर ऐसी ही वारदात सामने आई है। मामला देश की राजधानी दिल्ली का है। यहां एक 6 साल की बच्ची को कथित रूप से एक रिक्शे वाले ने अपनी हवस का शिकार बनाया है। बच्ची अभी अस्पताल में है। डॉक्टरों के अनुसार, बच्ची के हर अंग पर टांके लगाने पड़े हैं।

बच्ची दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती है। बीते दिन यानी बुधवार को बच्ची ने आंख खोलने की कोशिश की लेकिन चोटों के बावजूद उसकी पूरी आंखें नहीं खुल पा रही है। डॉक्टरों के मुताबिक, ‘लड़की दर्द होने पर चिल्ला भी नहीं पा रही है। बच्ची के शरीर के हर अंग पर काटने और चोटों के निशान हैं। बच्ची को ठीक होने में करीब एक साल का वक्त लग सकता है’।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, बच्ची जनकपुरी की रहने वाली है। बीते रविवार की रात वह परिवार के साथ ही सो रही थी। जहां से आरोपी रिक्शा चालक अरुण उसे उठा ले गया। इसके बाद उसने रेप किया और जान लेने की कोशिश की। इस दौरान उसे कई स्थानीय लोगों ने देख लिया। जिसके बाद हंगामा मच गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने मौके से ही रिक्शा चालक को गिरफ्तार कर लिया।

पीड़ित बच्ची से मिलने के लिए दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाती मालीवाल भी पहुंची थीं। बच्ची को देखने के बाद उन्होंने बताया कि, ‘बीते कई सालों में ऐसी जिंदा लड़की नहीं देखी जैसी इसकी हालत की गई है। ऐसा लग रहा है मानो जैसे बच्ची के शरीर को धागे से सिल दिया गया है’।