हरियाणा में बेहद ही चौंका देने वाली वारदात को अंजाम दिया गया है। यहां यमुनानगर की रामनगर कॉलोनी में सोमवार को 56 वर्षीय एक महिला को उसके घर में मृत अवस्था में पाया गया है। साथ ही महिला की लाश के पैर आपस में बंधे हुए मिले हैं। परिवारवालों ने बलात्कार की आशंका जताई है। वहीं हरियाणा पुलिस का कहना है कि इस मामले में अभी ज्यादा कुछ कहा नहीं जा सकता, लेकिन मामले की जांच शुरू की जा चुकी है। मृतक महिला पंचायत विभाग की कर्मचारी थी। वह यमुनानगर के बिलासपुर में ब्लॉक डेवलेपमेंट और पंचायत ऑफिस में कार्यरत थी।

महिला के भतीजे ने पुलिस को अपनी बुआ के मरने की जानकारी दी। उसने बताया कि उसकी बुआ के पैर कपड़े से बंधे हुए हैं। दरअसल महिला पिछले कुछ सालों से अपने पति से अलग रह रही थी। वह घर में अकेले ही रहती थी। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि मृत महिला के चेहरे पर चोट के गहरे निशान भी मिले हैं। वहीं परिजनों का कहना है कि चूंकि घर में सारा सामान बिखरा पड़ा है तो हो सकता है कि बदमाश लूट के इरादे से घर में घुसे हों। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और पोस्टमार्टम की रिपोर्ट की प्रतिक्षा की जा रही है।