अमेरिका में भारतीय मूल के चार लोगों की उनके घर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। यूनाइटेड स्टेट के वेस्ट डेस मॉयनेस की यह घटना है। मरने वाले सभी लोग एक ही परिवार के सदस्य हैं। मरने वालों में दो बच्चे भी शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक बीते शनिवार (16 जून, 2019) को इन चारों लोगों की हत्या की गई है। ‘CNN’ की रिपोर्ट के मुताबिक मरने वालों में 44 साल के चंद्रशेखर सुनकारा, 41 साल की उनकी पत्नी लावण्या सुनकारा के अलावा उनके 15 और 10 साल के दो बच्चे भी शामिल हैं। पुलिस को जांच के दौरान मृतकों के शरीर पर गोलियों के कई निशान मिले हैं।
यह घटना उस वक्त उजागर हुई जब घर में रह रहे एक गेस्ट ने इन सभी को खून से लथपथ देखा। उन्होंने तुरंत स्थानीय अधिकारियों को इस बात की सूचना दी। वेस्ट डेस मॉयनेस पुलिस डिपार्टमेंट के सार्जेंट डैन वेड ने कहा है कि ‘हमलोग इस मामले की गहन छानबीन कर रहे हैं। जब तक हम इन मौतों के पीछे छिपी सच्चाई तक नहीं पहुंच जाते हम इसकी जांच करेंगे।’
बता दें कि अभी तक पुलिस की जांच में इस हत्याकांड की वजह का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने अभी तक इस मामले में किसी संदिग्ध की पहचान भी नहीं की है। घर में मिली चार लाशों की यह कहानी पुलिस के सामने गुत्थी बनकर रह गई है। पुलिस अब इस मर्डर मिस्ट्री को सुलझाने की पूरी कोशिश कर रही है। जानकारी के मुताबिक चंद्रशेखर सूचना तकनीकि विभाग में कार्यरत थे। यह भी पता चला है कि चंद्रशेखर का परिवार यहां मार्च के महीने से रह रहा था। याद दिला दें कि इसी साल फरवरी के महीने में अमेरिका के फ्लोरिडा प्रांत के पेनसाकोला शहर में 48 साल के भारतीय के. गोवर्धन रेड्डी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। के. गोवर्धन फ्यूल स्टेशन पर काम करते थे और मूल रूप से वो तेलंगाना के भोंगिरी-यदाद्री जिले के रहने वाले थे। (और..CRIME NEWS)

