गुजरात के गोधरा में ‘जय श्री राम’ नहीं कहने पर तीन मुस्लिम युवकों को कथित तौर पर पीटने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि इस वारदात को 6 लोगों ने अंजाम दिया। उन्होंने साइकल की चेन व नुकीले हथियार से 2 युवकों का सिर भी फोड़ दिया। साथ ही, जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ितों ने शुक्रवार (2 अगस्त) को मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने 6 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।

घर लौटते वक्त हुआ हमला: शिकायतकर्ता सिद्दीकी भगत ने दावा किया कि 2 बाइक पर सवार 6 अज्ञात लोगों ने उनके बेटे समीर (17) और उसके दोस्तों सलमान घितेली व सोहेल भगत पर गुरुवार रात उस वक्त हमला किया, जब वे तीनों घर लौट रहे थे।

National Hindi News, 02 August 2019 LIVE Updates: देश-दुनिया की हर खबर पढ़ने के लिए यहां करें क्लिक

जय श्रीराम का नारा लगाने के लिए कहा: बताया जा रहा है कि आरोपियों ने तीनों युवकों को रास्ते में रोक लिया और ‘जय श्रीराम’ का नारा लगाने के लिए कहा। लड़कों ने ऐसा करने से इनकार किया तो उनके साथ मारपीट की गई। आरोप है कि एक आरोपी ने समीर के माथे पर साइकल की चेन मार दी। वहीं, दूसरे ने सलमान के सिर पर नुकीली चीज से हमला किया।

जान से मारने की धमकी भी दी: पीड़ितों का आरोप है कि आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। उन्होंने कहा कि अगर तीनों मुस्लिम युवक दोबारा इलाके में नजर आए तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा।

Bihar News Today 2 August 2019: बिहार से संबंधित हर खबर पढ़ने के लिए यहां करें क्लिक

स्थानीय लोग ले गए अस्पताल: पीड़ितों ने इस मामले में गोधरा टाउन पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस निरीक्षक एचसी राठवा ने कहा कि घायल समीर और उसके दोस्तों को स्थानीय लोगों ने सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस अफसर के मुताबिक, ‘‘पीड़ित इस समय बोलने की स्थिति में नहीं हैं। ऐसे में हमारे पास ज्यादा जानकारी नहीं है। फिलहाल, छह अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।’’