गुजरात में एक युवक को बिजली के खंभे से बांधकर पीटने का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक बनासकांठा गांव में 19 साल के लड़के पन्ना वासिया को चार लोगों ने पहले बिजली के पोल से बांधा और फिर करीब चार घंटे तक उसकी बेरहमी से पिटाई की। घटना बीते शुक्रवार (7 जून, 2019) की है। लड़के की पिटाई करने वाले उसके रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। इन लोगों ने पन्ना की पिटाई करने का एक वीडियो भी बना लिया है। इतना ही नहीं जब पन्ना की मां अपने बेटे को बचाने के लिए आईं तो इनलोगों ने उसकी मां की भी पिटाई कर दी।
पन्ना पेशे से एक मजदूर है। 7 जून को जब वो अपने काम के सिलसिले में झाबा गांव जा रहा था तो रास्ते से उसे कुछ लोगों ने उसे अगवा कर लिया और पिटाई करने से पहले उसे खंभे से बांध दिया। पुलिस के मुताबिक जिन लोगों ने पन्ना वासिया की पिटाई की है उनके नाम- धानाभाई वासिया, रणछोड़ वासिया, फताभाई वासिया और आशाभाई वासिया है। इन चारों पर पन्ना वासिया के परिवार वालों ने पहले से एक केस दर्ज करा रखा है और जब इस केस को लेकर पन्ना वासिया ने सुलह करने से इनकार कर दिया तब इन लोगों ने गुस्से में आकर उसकी पिटाई कर दी।
पन्ना वासिया के बड़े भाई मोनाभाई वासिया के मुताबिक 7 जून को करीब 12.30 बजे उनके चाचा ने उनके भाई के साथ हुई इस ज्यादती की खबर उन्हें फोन के जरिए दी। मोनाभाई को उनके चाचा ने बताया कि उनके भाई को उनके चार रिश्तेदारों ने अगवा कर लिया है और वो उसे खंभे से बांधकर डंडे से उसकी पिटाई कर रहे हैं। उनलोगों ने उनकी मां की भी पिटाई की। इसके बाद मुन्नाभाई वासिया ने 108 पर फोन कर मदद मांगी। फोन से मदद मांगने के बाद घटनास्थल पर एक एंबुलेंस पहुंची और फिर पन्ना वासिया और उनकी मां को अस्पताल ले जाया गया।
पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि सभी आरोपी उनके खिलाफ पहले से दर्ज कराए गए एक केस को वापस लेने के लिए दबाव बना रहे थे। दरअसल इन लोगों ने चारों रिश्तेदारों के खिलाफ साल 2016 में ट्रैक्टर के मालिकाना हक को लेकर फर्जीगिरी करने का एक केस दर्ज कराया है और यह मामला अभी अदालत में चल रहा है। बहरहाल अब पन्ना और उसकी मां की पिटाई करने के मामले में पुलिस आरोपियों पर कानून के मुताबिक कार्रवाई करने में जुटी हुई है। इस मामले में पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 308, 342 और 323 के तहत केस दर्ज किया है। (और…CRIME NEWS)
