दिल्ली में अपराधियों के हौसलने बुलंद होते जा रहे हैं। यहां आए दिन वारदात की घटनाएं सामने आ रही हैं। ताजा मामला कालकाजी इलाके का है जहां हुक्काबार में एक लड़के की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। लड़के की उम्र 17 साल बताई जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कालकाजी के डीडीए फ्लैट के हुक्का बार में नाबालिग की कुछ लड़कों से बहस हो गई थी, जिसके बाद गोली चल गई। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन करनी शुरू कर दी।
कुछ दिन पहले बंद हुआ था हुक्का बार
रिपोर्ट के अनुसार जिस हुक्काबार में गोलीबारी हुई वह कुछ दिन पहले ही बंद कर दिया गया था मगर उसे अवैध रूप से चलाया जा रहा था। यह घटना दोपहर बाद की है। पुलिस ने बताया कि किसी ने पीसीआर पर फोन करके बताया कि 7-8 लड़के आए और एक लड़के को गोली मारकर चले गए। इसके बाद पुलिस फौरन चोरी-छिप्पे चल रहे गोविंदपुरी एक्सटेंशन के हुक्का बार पहुंची। जब पुलिस वहां पहुंची तो देखा कि चारों तरफ खून बिखरा पड़ा था। वहीं पर कुछ टिश्यू पेपर भी पड़े हुए मिले मगर वहां घायल लड़का नहीं था। पुलिस का कहना है कि इस हुक्का बार को एक अप्रैल को ही बंद करा दिया गया था।
रास्ते में लड़के ने तोड़ दिया दम
जब पुलिस ने आस-पास के लोगों से से पूछचाछ की तो पता लगा कि घायल लड़के को इलाज के लिए एम्स अस्पताल लेकर गए हैं। इसके बाद पुलिस जब एम्स पहुंची तो पता चला की लड़के ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया था। मृत लड़के की उम्र 17 साल है और उसका नाम कुनाल है। पुलिस का कहना है कि इस हत्या में लोकल लड़कों का हाथ है। पुलिस ने एक आऱोपी लड़के की पहचान कर ली है जो नाबालिग है, उसकी उम्र 17 साल है। 7-8 लड़के बंद पड़े हुक्काबार में आए थे और लड़के के सिर में गोली मार दी। पुलिस ने यह भी कहा कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
परिजनों ने मचाया बवाल
वहीं घटना की जानकारी जब परिजनों को हुई तो वे हंगामा करने लगे। कुछ लोगों ने प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। हालाक पर काबू पाने के लिए पुलिस फोर्स को तैनात किया गया है। हालांकि अभी तक इस बात की जानकारी नहीं लग पाई है कि नाबालिग और अन्य लड़कों में किस बात को लेकर कहासुनी हुई थी, जिसके बाद उसकी जान ले ली गई।