पश्चिमी दिल्ली के मोती नगर में ईएसआई अस्पताल के पास एक खाली भूखंड में 2 लोगों ने 16 वर्षीय एक लड़की से गैंगरेप किया। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने करीब 12 घंटे तक वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद वे पीड़िता को सड़क पर छोड़कर फरार हो गए। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
बसई दारापुर के रहने वाले हैं आरोपी: पुलिस के मुताबिक, यह वारदात सोमवार (9 सितंबर) को हुई। आरोपी नौकरी दिलाने के बहाने पीड़िता को सुनसान जगह पर ले गए और गैंगरेप किया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान रवि (25) और अंकित (24) के रूप में हुई, जो बसई दारापुर के रहने वाले हैं। उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।
अस्पताल के सुरक्षाकर्मी ने दी थी जानकारी: बताया जा रहा है कि ईएसआई अस्पताल के सुरक्षाकर्मी ने सोमवार देर रात करीब साढ़े तीन बजे पुलिस को सूचित किया कि अस्पताल के पास एक लड़की को अकेले छोड़ दिया गया है। इसके बाद पुलिस की एक टीम घटनास्थल पर पहुंची। उन्होंने पीड़िता को अस्पताल में भर्ती कराया।
मेड का काम करती है पीड़िता: पीड़िता ने बताया कि एक घर में मेड है। शहर में नई है, जिसके चलते उसे अपना पता याद नहीं है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, ‘‘पीड़िता राशन का सामान लेने सोमवार सुबह नौ बजे बाजार गई थी। रास्ते में आरोपियों ने लड़की को बेहतर वेतन व रहने की सुविधा के साथ नौकरी का प्रस्ताव दिया। इसके बाद वे उसे अस्पताल के पीछे एक भूखंड में ले गए और गैंगरेप किया।
https://www.youtube.com/watch?v=TS8PtlSXt50
तीन महीने पहले दिल्ली आई थी किशोरी: पुलिस सूत्रों ने बताया कि पीड़िता पश्चिम बंगाल की मूल निवासी है और वह नौकरी की तलाश में तीन महीने पहले दिल्ली आई थी। उन्होंने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आईपीसी की संबंधित धाराओं और पॉक्सो कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है।

