यह लड़का शहीद भगत सिंह की जिंदगी से जुड़ा वीडियो देख रहा था। कुछ देर वीडियो को देखने के बाद यह लड़का भगत सिंह को फांसी दिए जाने की एक्टिंग करने लगा और फिर अचानक दम घुटने से उसकी मौत हो गई। हैरान कर देने वाली घटना मध्य प्रदेश के मंदसौर की है। मृतक लड़के की उम्र 12 साल बताई जा रही है और उसकी पहचान भोलिया गांव के रहने वाले श्रेयांस के तौर पर हुई है।
जानकारी के मुताबिक यह बच्चा मोबाइल पर स्कूल में भगत सिंह को लेकर हुए एक नाटक का वीडियो देख रहा था। इसी दौरान उसने भगत सिंह को दी गई फांसी के सीन को दोहराने की कोशिश की। लेकिन इस दौरान वो अपना संतुलन खो बैठा और उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इसे एक्सीडेंटल डेथ माना है। आपको बता दें कि इस बच्चे ने स्कूल में हुए इस नाटक में ऑफिसर का किरदार निभाया था।
मंदसौर जिला अस्पताल में बच्चे का पोस्टमार्टम किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने से मौत की पुष्टि भी हो चुकी है। इस घटना के बाद पुलिस ने बच्चे के मौत की वजह की पुष्टि कर दी है और कहा है कि यह छात्र मोबाइल पर वीडियो देख रहा था। इसी दौरान हादसे की वजह से उसकी मौत हो गई।
यहां पुलिस ने बच्चों के परिजनों से अपील की है कि वो उन सभी वीडियो पर ध्यान दें जिन्हें बच्चे मोबाइल पर घर में देखते हैं। यहां आपको याद दिला दें कि इससे पहले पिछले साल मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से भी एक ही घटना सामने आई थी।
यह एक बच्ची ने टीवी पर फांसी के फंदे पर झूलने के दृश्य को देखा था और फिर इसे दोहराने के दौरान उसकी मौत हो गई थी। 12 साल की इस बच्ची की मौत से सभी सन्न रह गए थे। इसके अलावा फरीदाबाद से भी पिछले साल एक ऐसी घटना सामने आई थी। यहां एक बच्चे ने उस वक्त अंजाने में खुद को फांसी लगा ली जब वो घर में अकेला था और रस्सी से खेल रहा था।
