मध्य प्रदेश में 12 साल की एक लड़की की गैंगरेप के बाद हत्या कर दी गई। यह घटना 14 मार्च, 2019 की है। हत्यारों ने पीड़ित लड़की का गला काट कर फेंक दिया था। राज्य के सागर जिले की इस घटना ने यहां लोगों को हिला कर रख दिया है। इस घटना में पुलिस ने लड़की के भाई और उसके चाचा को गिरफ्तार किया है।जानकारी के मुताबिक पिछले कुछ दिनों से यह लड़की अचानक लापता हो गई थी। लड़की के पिता ने अपनी बेटी के लापता होने की शिकायत थाने में भी दर्ज कराई थी। बड़ी हैरानी की बात है कि लड़की को अगवा कर उसके साथ रेप करने और फिर उस वीभत्स हत्या के मामले में उसके अपने रिश्तेदार ही आरोपी निकले।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अमित सांघी ने एनडीटीवी से बातचीत करते हुए कहा कि पोस्टमार्टम और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद बच्ची के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। इस संगीन जुर्म को लेकर लड़की के रिश्तेदारों की भूमिका काफी संदिग्ध लग रही थी। पुलिस के मुताबिक लड़की जब परीक्षा देकर वापस घर लौट रही थी तब उसका एक भाई उसे लेकर अपने चाचा के घर गया। यहां लड़की के चाचा और उसके दो भाइयों ने उसके साथ गैंगरेप किया। जब बच्ची ने उन्हें पुलिस के पास जाने की धमकी दी जब उसकी आंटी ने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। गैंगरेप करने वालों ने लड़की का सिर काट दिया और उसे मैदान में फेंक दिया।
पुलिस ने इस मामले को सुलझाने के लिए कई सबूत इकठ्ठा किए। जब इन सबूतों की सभी कड़ियों को आपस में जोड़ा गया तब इस बात का पता चला कि लड़की के साथ उसके भाइयों और चाचा ने रेप किया है। पुलिस ने इस मामले में उसके चाचा और एक भाई को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक मृतक लड़की के चाचा ने पहले पुलिस वालों को बरगलाने की भी कोशिश की। उसने पुलिस के सामने अंदेशा जताया कि छोटे पटेल नाम का एक शख्स जिनका बच्ची के परिवार के साथ जमीन-जायदाद को लेकर कुछ झगड़ा था उन्होंने ही इस घिनौने काम को अंजाम दिया है। लेकिन पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को धर दबोचा। पुलिस ने लड़की की हत्या में इस्तेमाल किए गए तेज धार वाले हथियार को भी बरामद कर लिया है। पुलिस अभी इस मामले में लड़की के और अन्य आरोपी भाई की तलाश में जुटी है। (और…CRIME NEWS)
