इंडिया की हॉकी टीम के कप्तान सरदार सिंह ने पंजाब में ड्रग्स की चपेट में आते युवाओं के प्रति चिंता व्यक्त की है। उनके मुताबिक यह समस्या गंभीर होती जा रही है। उन्होंने कहा कि अगर वह हॉकी ना खेल रहे होते तो वह भी ड्रग्स की चपेट में आ जाते।
सरदार सिंह ने यह बातें शुक्रवार(10 जून) को इंडियन एक्सप्रेस के प्रोग्राम आइडिया एक्सचेंज में साक्षा कीं। सरदार सिंह ने कहा, ‘अगर हॉकी ना खेलते तो हम भी उन्हीं लोगों में से एक होते। मैं मानता हूं कि खेल इन सब चीजों पर कंट्रोल रखने में मदद करता है।’
सरदार सिंह ने बताया कि उन्होंने उन सभी खबरों को भी पढ़ा है जिसमें युवा खिलाड़ियों के नशे की चपेट में आने का जिक्र किया गया था। ऐसे खिलाड़ियों को सलाह देते हुए सरदार सिंह ने कहा, ‘अगर बच्चे ग्राउंड पर सिर्फ ट्रेनिंग पर फोकस करेंगे तो उनको इन सभी चीजों में उलझने का टाइम ही नहीं मिलेगा।’
सरदार सिंह जो की हरियाणा पुलिस के डीसीपी भी हैं उन्होंने कहा कि पंजाब में ड्रग्स का बुरा प्रभाव साफ देखा जा सकता है जिसकी वजह से हॉकी भी नीचे जा रहा है। वहीं ‘उड़ता पंजाब’ मामले पर सवाल पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि उन्हें इस मामले की ना तो ज्यादा जानकारी है और ना ही वह उसपर बोलने के काबिल हैं। उन्होंने कहा, ‘मैं आपसे खेल और हॉकी पर बात कर सकता हूं। सेंसर बोर्ड के बारे में आप लोग मुझसे ज्यादा जानते हैं।’