1 फरवरी को आम बजट पेश होने वाला है। इस बजट से पहले शेयर बाजार का उत्साह ठंडा हो गया है। करीब 10 दिन के भीतर निवेशकों को 11 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का नुकसान हो चुका है।

शुक्रवार को बाजार का हालः शुक्रवार को लगातार छठे दिन घरेलू शेयर बाजार गिरावट में बंद हुए। सेंसेक्स 588 अंक से अधिक लुढ़क गया जबकि निफ्टी में करीब 183 अंक की गिरावट आयी। शुक्रवार को सेंसेक्स में 1,263 अंक के दायरे में उतार-चढ़ाव आया। इसी तरह एनएसई का निफ्टी 183 अंक यानी 1.32 प्रतिशत कम होकर 13,634 अंक पर बंद हुआ। पिछले छह दिनों में सेंसेक्स में 3,506.35 अंक यानी 7.04 प्रतिशत की गिरावट आ चुकी है। निफ्टी 1,010 अंक यानी 6.89 प्रतिशत गिर चुका है।

11 लाख करोड़ से ज्यादा का नुकसानः बीते 10 दिन के भीतर शेयर बाजार में आई गिरावट की वजह से निवेशकों को 11 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का नुकसान हो चुका है। दरअसल, 20 जनवरी को बीएसई पर मार्केट कैपिटल 1,97,70,572.57 करोड़ रुपये था, यह घटकर 1,86,12,644.03 करोड़ रुपये हो चुका है। इस लिहाज से निवेशकों को 11 लाख 57 हजार करोड़ रुपये का घाटा हो चुका है। आपको बता दें कि इस दौरान छह दिन शेयर बाजार में कारोबार हुआ है।

1 फरवरी को आम बजटः बता दें कि सोमवार को आम बजट पेश होने वाला है। आम बजट से पहले शुक्रवार को संसद में पेश किए गए आर्थिक सर्वेक्षण के मुताबिक भारत की आर्थिक वृद्धि दर अगले वित्त वर्ष में 11 प्रतिशत के स्तर पर पहुंच जाएगी।

इसके साथ ही 31 मार्च 2021 को खत्म हो रहे चालू वित्त वर्ष के दौरान सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में रिकॉर्ड 7.7 प्रतिशत की गिरावट का अनुमान जताया गया है। आर्थिक सर्वेक्षण 2020-21 में कहा गया है कि कृषि क्षेत्र में वृद्धि जारी है, जबकि कोविड-19 महामारी को रोकने के लिए लगाए गए लॉकडाउन के चलते सेवा, विनिर्माण और निर्माण क्षेत्र सबसे अधिक प्रभावित हुए।