डिजिटल ट्रांजैक्शन (SBI Digital Service) पर निर्भर रहने वाले लोगों के लिए एक बुरी खबर है। देश के सबसे बड़े बैंक एसबीआई (SBI) की इंटरनेट बैंकिंग (Internet Banking) का इस्तेमाल करने में शनिवार से सोमवार तक दिक्कतें आएंगी। बैंक की यूपीआई सर्विस (UPI) और योनो ऐप (YONO App) भी तीनों दिन कुछ घंटे के लिए बाधित रहेगी। इससे एसबीआई के 44 करोड़ ग्राहकों को परेशानियां उठानी पड़ सकती हैं।

हर रोज दो-दो घंटे बंद रहेंगी SBI की डिजिटल सर्विस

भारतीय स्टेट बैंक ने इस बारे में ट्वीट किया है। बैंक ने कहा कि शनिवार, रविवार और सोमवार को उसकी कुछ सेवाएं कुछ घंटे के लिए बंद रहेंगी। इन सेवाओं में इंटरनेट बैंकिंग, योनो, योनो लाइट, योनो बिजनेस और यूपीआई शामिल हैं। ये सेवाएं तीनों दिन दो-दो घंटे के लिए बंद रहेंगी।

एसबीआई ने कहा कि ये चारों सर्विस 09 अक्टूबर की रात 12:20 बजे से 10 अक्टूबर की सुबह 02:20 बजे तक बंद रहेंगी। इसके बाद 10 और 11 अक्टूबर को रात 11:20 बजे से लेकर सुबह 1:20 बजे तक ये सेवाएं उपलब्ध नहीं होंगी।

मेंटनेंस के चलते हो रहा व्यवधान

बैंक ने कहा कि यह रुकावट मेंटनेंस के कारण हो रही है। सभी बैंक ग्राहकों को मिलने वाली सर्विस बेहतर और सुरक्षित बनाने के लिए अपनी टेक्नोलॉजी को समय-समय पर अपग्रेड करते रहते हैं। यह नियमित मेंटनेंस बैंक और उसके ग्राहकों को साइबर रिस्क से भी बचाता है। एसबीआई इस मेंटनेंस में यूपीआई सर्विस को भी बेहतर बना रहा है, ताकि उसके ग्राहक आसानी से इसका इस्तेमाल कर सकें।

पहले भी कई बार बंद हो चुकी हैं SBI की डिजिटल सर्विस

यह पहली बार नहीं है जब एसबीआई की कोई सर्विस कुछ समय के लिए बंद हो रही है। बैंक पहले भी मेंटनेंस के चलते ऐसा करते रहा है। एसबीआई लगभग हर महीने मेंटनेंस के चलते कुछ समय के लिए डिजिटल सेवाओं को बंद करता है। सितंबर महीने में मेंटनेंस के काारण एसबीआई की ये सेवाएं दो बार बंद हुई थीं। इससे पहले जुलाई और अगस्त में भी एसबीआई का योनो ऐप और अन्य डिजिटल सेवाएं बाधित हुई थीं।

इसे भी पढ़ें: भारत में 60 लाख रुपये सस्ती हो गई मर्सिडीज की यह लग्जरी कार, ये है कारण

करीब 25 करोड़ लोगों को हो सकती है परेशानी

एसबीआई देश का सबसे बड़ा बैंक है। बैंक के पास अभी करीब 44 करोड़ ग्राहक हैं। एसबीआई की योनो सर्विस के 3.45 करोड़ रजिस्टर्ड यूजर हैं। हर रोज करीब 90 लाख यूजर एसबीआई योनो पर लॉग इन करते हैं। एसबीआई के पास यूपीआई के करीब 21 करोड़ यूजर हैं। इस तरह देखें तो सेवाएं बाधित होने से करीब 25 करोड़ लोगों को परेशानियां हो सकती हैं। हालांकि बैंक ग्राहकों की परेशानियां कम करने के लिए मेंटनेंस रात में कर रहा है, जब यूजर बैंकिंग सेवाओं का कम ही इस्तेमाल करते हैं।