इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने दिल्ली (Delhi) में सीएनजी के दाम (CNG Price) बढ़ा दिए। दिल्ली में अब सीएनजी के दाम 79.56 रुपए हो गए हैं जबकि नोएडा (Noida), ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद (Gaziabad) में 82.12 रुपए हो गए हैं। वहीं गुरुग्राम (Gurugram) में सीएनजी के दाम 87.89 रुपए है।

कच्चे तेल की कीमत $79 प्रति बैरल

कच्चे तेल के दामों में लगातार गिरावट देखी जा रही है। शुक्रवार को एक बार फिर से कच्चे तेल के दामों में गिरावट देखी गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार (International Market) में कच्चे तेल की कीमत $79 प्रति बैरल हो गई है। एक तरफ जहां कच्चे तेल के दामों में लगातार गिरावट हो रही है, तो वहीं आम जनता को अभी तक इसका लाभ मिलता हुआ नहीं दिखाई दे रहा है।

Petrol का दाम महज 4% गिरा

पिछले साल सितंबर 2021 में कच्चे तेल की कीमत 139.13 डॉलर प्रति बैरल थी। अगर पिछले 1 साल के आंकड़ों के हिसाब से देखें तो कच्चे तेल की कीमत करीब 43 फीसदी कम हो चुकी हैं। वहीं पेट्रोल-डीजल (Petrol-Diesel) के दामों में 5% की गिरावट भी नहीं आई है। सितंबर में दिल्ली में पेट्रोल (Petrol) के दाम 101 रुपए प्रति लीटर था जो अब 97 रुपए है। यानी पेट्रोल के दाम महज 4 फीसदी कम हुए हैं।

विकसित देशों में कच्चे तेल की मांग घटी

बता दें कि कच्चे तेल की डिमांड को लेकर चिंता बढ़ रही है। महंगाई पिछले कई दशकों से ऊंचे स्तर पर पहुंच गई है और इसके चलते विकसित देशों में ब्याज दरें बढ़ गई। इसके कारण कच्चे तेल की मांग में गिरावट आ गई। चीन में भी बढ़ते कोरोना संक्रमण को लेकर मांग घटी है।

वहीं सरकार भी पेट्रोलियम पर अभी टैक्स घटाने के मूड में नहीं दिख रही है, जिससे पेट्रोल और डीजल के दाम नहीं घटेंगे। बता दें कि पेट्रोल का बेस प्राइस 32.79 रुपए प्रति लीटर है, जबकि डीजल का बेस प्राइस 34.46 रुपए प्रति लीटर है। यह वह दाम है, जिस पर सरकार रिफाइनरी से पेट्रोल खरीदती है। इसके बाद सरकार इस पर भारी भरकम टैक्स लगाती है, जिसके कारण यह आंकड़ा जनता के लिए करीब 100 रुपए प्रति लीटर तक पहुंच जाता है।