Natural Calamities Motor Damage Insurance Policies: प्राकृतिक आपदाओं पर किसी का जोर नहीं है। बाढ़, भूकंप, भूस्खलन, बादल फटने और तूफान आने जैसी घटनाएं अक्सर होती रहती हैं। इस दौरान लोगों को कई तरह के नुकसान का सामना करना पड़ता है। हाल ही में देश के कई हिस्सों में नदियों में बाढ़ आने से निचले इलाकों और आवासीय क्षेत्रों में पानी भर गया।

ऐसे हालात में नुकसान का बीमा कंपनी से क्लेम करने की जानकारी जरूर होनी चाहिए। खास तौर पर बाढ़ की स्थिति में मोटर इंश्‍योरेंस कैसे क्लेम करें, इसको जरूर जान लेना चाहिए। क्योंकि बहुत लोगों की कारें और अन्य गाड़ियां बाढ़ में या तो डूब गईं या बह गई हैं। अगर आपके साथ भी ऐसा कुछ हुआ है तो सबसे पहले यह पता कर लें कि क्या आपकी पॉलिसी बाढ़ या अन्य प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान को कवर करती है।

प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान को तभी कवर किया जाएगा जब बीमित व्यक्ति के पास एक कंपलीट मोटर बीमा पॉलिसी हो। इस तरह की पॉलिसी में दो चीजें होती हैं – थर्ड पार्टी (टीपी) कवर और खुद का नुकसान (ओडी) कवर। थर्ड पार्टी कवर कानून के अनुसार अनिवार्य है और बीमित व्यक्ति को कानूनी, आकस्मिक या वित्तीय दायित्व से कवर करता है, जो तब उत्पन्न हो सकता है जब किसी तीसरे पक्ष को बीमित वाहन के कारण नुकसान होता है।

खुद का नुकसान या Own Damage कवर प्राकृतिक आपदाओं जैसे बाढ़, ओलावृष्टि, तूफान, भूकंप, भूस्खलन और रॉकस्लाइड से सुरक्षा प्रदान करता है। इसके अतिरिक्त, यह मानव निर्मित आपदाओं जैसे दंगों और आकस्मिक बाहरी साधनों को भी कवर करता है।

बारिश के दौरान वाहनों में पानी जाने से जोखिम बढ़ जाता है

मानसूनी बारिश के दौरान जगह-जगह पानी भर जाने की वजह से वाहनों के इंजन के लिए जोखिम कई गुना बढ़ जाता है, जिससे वाहन के इंजन ब्लॉक के अंदर पानी रिसता है। जब आप कार को चालू करने का प्रयास करते हैं, तो इससे हाइड्रोस्टेटिक लॉक हो सकता है।

यदि आपके पास इंजन सुरक्षा कवर है, तो यह आपके इंजन को पानी के प्रवेश, तेल के रिसाव के कारण क्षति, और हाइड्रोस्टेटिक लॉक से उत्पन्न होने वाली क्षति जैसी आकस्मिकताओं से बचाता है। यह इंजन या उसके पुर्जों जैसे सिलेंडर हेड, पिस्टन, क्रैंकशाफ्ट और कनेक्टिंग रॉड को बदलने या मरम्मत करने की लागत भी प्रदान करता है।