दुनिया भर में कमरों की बुकिंग के लिए मशहूर कंपनी OYO रूम्स ने 5,000 कर्मचारियों की छंटनी करने का फैसला लिया है। फिलहाल कंपनी में 30,000 कर्मचारी हैं, जिन्हें घटाकर 25 हजार किए जाने की योजना है। इससे पहले जनवरी में कंपनी ने 1,000 कर्मचारियों को हटाने की बात कही थी, लेकिन अब चीन में कोरोना के कहर के चलते उसका कारोबार बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

भारतीय कंपनी OYO का कहना है कि मुनाफे में इजाफे और दुनिया भर में अपने विस्तार को बढ़ाने की कोशिश के तहत हमने यह फैसला लिया है। कंपनी ने अमेरिका, चीन और भारत में यह छंटनी करने की योजना बनाई है। 2013 में स्थापित हुई कंपनी OYO ने तेजी से अपना विस्तार किया है और 10 बिलियन डॉलर तक के स्तर पर पहुंची है।

कंपनी के सीईओ रितेश अग्रवाल ने छंटनी को लेकर कहा कि हमने अपने पहले चरण में दुनिया भर में सपंत्तियों में इजाफा करने और ब्रैंड को स्थापित करने पर फोकस किया था। अब 2020 में हमारा जोर कंपनी को ग्रोथ और मुनाफे के रास्ते पर ले जाने पर है। अग्रवाल ने कहा कि दुनिया भर में हमारे कर्मचारियों की संख्या में 17 पर्सेंट की कमी जाएगी।

दरअसल चीन में कोरोना वायरस के कहर के चलते कारोबार बुरी तरह प्रभावित हुआ है। भारत के बाद चीन OYO के लिए सबसे अहम मार्केट रहा है, लेकिन वायरस के चलते वहां कंपनी की ग्रोथ में रुकावट देखने को मिल रही है, जिसके लंबा चलने की आशंका है। कंपनी के एक सूत्र ने कहा कि कंपनी ने सहायक कार्यों के लिए 4,000 लोगों को नियुक्त किया था, जिन्हें हटाया जा रहा है। हालांकि कंपनी की स्थिति में जैसे ही सुधार होगा, उन लोगों को वापस बुलाया जाएगा।