भारत के दौलतमंद अरबपतियों की बात होती है, उसमें मुकेश अंबानी का नाम शीर्ष पर आता है। लंबे समय से मुकेश अंबानी भारत के सबसे दौलतमंद अरबपति बने हुए हैं।
मुकेश अंबानी का रुतबा उनकी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज की वजह से है। मार्केट कैपिटल के लिहाज से रिलायंस इंडस्ट्रीज भारत की टॉप कंपनी रही है। एक सच ये भी है कि रिलायंस इंडस्ट्रीज के कारोबार को आगे बढ़ाने में मुकेश अंबानी की टीम का भी बड़ा रोल है। टीम में दो खास भाई भी हैं, जो रिलायंस और मुकेश अंबानी के लिए सहारा बने हुए हैं। आइए जानते हैं इन दोनों भाई के बारे में..
कौन हैं दोनों भाईः ये दोनों भाई निखिल और हितल मेसवानी हैं। रिलायंस इंडस्ट्रीज की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के मुताबिक पेशे से केमिकल इंजीनियर रहे निखिल मेसवानी 1986 में रिलायंस में शामिल हुए थे। हितल मेसवानी भी ग्रुप में सक्रिय हैं और पेट्रोलियम रिफाइनिंग एवं मार्केटिंग संबंधी बिजनेस संभालते हैं।
हितल मेसवानी अगस्त 1995 से रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। उन्होंने अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ पेंसिलवेनिया से मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी में ग्रेजुएशन किया है। निखिल मेसवानी ने 1997 से 2005 के बीच में उन्होंने कंपनी के रिफाइनरी व्यवसाय को संभाला।
इसके अलावा वह कॉरपोरेट अफेयर्स और ग्रुप टैक्सेशन जैसे कई अन्य कॉरपोरेट जिम्मेदारियों को भी देखते थे। उनके पिता रसिकलाल मेसवानी कंपनी के संस्थापक सदस्यों में से थे।
कितनी है मुकेश अंबानी की संपत्तिः अगर मुकेश अंबानी के संपत्ति की बात करें तो 80 बिलियन डॉलर के करीब पहुंच चुकी है। ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक मुकेश अंबानी दौलतमंद लोगों की सूची में 12वें स्थान पर हैं।
वहीं, दुनिया के टॉप अरबपति एलन मस्क बने हुए हैं। हालांकि, एलन मस्क की संपत्ति में भी गिरावट आई है और 194 बिलियन डॉलर के करीब है।