Lakshadweep vs Maldives Tour Package: पिछले तीन दिनों से भारत का केंद्र शासित प्रदेश लक्षद्वीप (Lakshadweep) गूगल पर सबसे ज्यादा सर्च किए जाने वाला नाम बना हुआ है। दुनियाभर में लक्षद्वीप के बारे में लोग सर्च कर रहे है और इसके बारे में जानकारी खोज रहे हैं। लेकिन क्या आपको पता है कि ऐसा हुआ क्यों? आखिर ऐसा क्या हो गया कि हर अखबार, टीवी, वेबसाइट और सोशल मीडिया पर lakshadweep ट्रेंड कर रहा है। लक्षद्वीप के साथ-साथ टूरिज्म के लिए मशहूर आइलैंड मालदीव (Maldives) का भी नाम लिया जा रहा है। 4 जनवरी 2023 को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लक्षद्वीप गए और उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर वहां की शानदार तस्वीरें शेयर कीं। उन्होंने उन लोगों से लक्षद्वीप को अपनी लिस्ट में शुमार करने को कहा जो एडवेंचर के शौकीन हैं।
सोशल मीडिया पर लक्षद्वीप की इन तस्वीरों के आने के बाद मालदीव से तुलना शुरू हो गई। कई यूजर्स, सेलिब्रिटीज ने लोगों से मालदीव की जगह लक्षद्वीप जाने की बात कही। मालदीव की सरकार में शामिल मंत्रियों को पीएम मोदी के खिलाफ की गई टिप्पणियों के चलते हटा दिया गया। खैर, इन बातों को परे रखिये। अगर आप भी समंदर किनारे छुट्टियां बिताने का शौक रखते हैं और खूबसूरत बीच, लहरों और छोटी-छोटी पहाड़ियों के आसपास दिखने वाले पानी में एडवेंचर करते हैं तो आप बहुत ज्यादा खर्च किए बिना ऐसा कर सकते हैं। अगर आप भी सेलिब्रिटीज की मालदीव वकेशन की फोटो देखकर वहां जाने का सपना रखते हैं लेकिन बजट आड़े आता है तो कोई बात नहीं। आप लक्षद्वीप जाकर वैसा ही फील ले सकते हैं।
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस के बीच हम आपको बता रहे हैं लक्षद्वीप और मालदीव जानें में खर्च होने वाले पैसे के बारे में। जानिए इन दोनों आइलैंड में से कहां जाना है ज्यादा सस्ता। फैमिली या अपने दोस्तों के साथ आपके लिए कौन सी जगह है ज्यादा बजट फ्रेंडली? हर डिटेल…
लक्षद्वीप बनाम मालदीव
लक्षद्वीप द्वीप समूह भारत का केंद्र शासित प्रदेश है। जबकि मालदीव एक स्वतंत्र देश है। लक्षद्वीप में कुल 36 आइलैंड हैं जबकि मालदीप में कुल 300 आइलैंड हैं और यहां प्राइवेट बीच व रिजॉर्ट्स भी मिलेंगे। दोनों ही जगह छुट्टियां आराम से बिताना चाहते हैं तो आपको 4-5 दिन का समय लगेगा। हम आपको बता रहे हैं कि 4 रात के लिए इन आइलैंड की ट्रिप पर आने वाले खर्चे के बारे में…
लक्षद्वीप के लिए बजट
लक्षद्वीप, अपने खूबसूरत द्वीपों के लिए मशहूर है। अगर आप बीच पर्सन हैं तो आपको पक्के तौर पर लक्षद्वीप की खूबसूरत, शांत और सुंदर बीच के बारे में पता होगा। अपने साफ पानी, रेत, बीच और ग्रीन नेचर के साथ आप यहां एडवेंचर स्पोर्ट्स का मजा ले सकते हैं। सबसे पहले बात करते हैं कि लक्षद्वीप पहुंचने में लगने वाले किराए के बारे में। आप लक्षद्वीप जाने के लिए राजधानी दिल्ली से अगत्ती एयरपोर्ट के लिए डायरेक्ट फ्लाइट ले सकते हैं। इसके लिए एक तरफ का किराया अमूमन 10000 रुपये के आसपास होता है। यानी हवाई किराए की बात करें तो मालदीव और लक्षद्वीप दोनों में ज्यादा फर्क नहीं है।
वहीं अगर आप लक्षद्वीप में रहने के लिए होटल बुक करते हैं तो बीच किनारे बढ़िया रिजॉर्ट 4 दिन और 3 रातों के लिए करीब 20 से 25 हजार रुपये में बुक हो जाएगा। इसके अलावा आप यहां स्कूबा डाइविंग, स्नॉर्कलिंग, समेत दूसरे वाटर स्पोर्ट्स का मजा किफायती दाम में ले सकते हैं। आप चाहें तो कल्पेनी, मिनकॉय और कवरत्ती जैसे द्वीपों के लिए क्रूज बुक कर सकते हैं जिसका किराया प्रति व्यक्ति तरीब 30 से 40 हजार के बीच में है।
भारतीय आइलैंड होने के चलते निश्चित तौर पर यहां खाने-पीने में बहुत ज्यादा खर्च नहीं आएगा। और आप 500 से 700 रुपये में लंच या डिनर का लुत्फ उठा सकते हैं। यानी अगर आप लक्षद्वीप 4 रात और 3 दिन की ट्रिप पर जा रहे हैं तो दो लोगों के लिए 1 लाख से कम में आसानी से घूम सकते हैं।
मालदीव के लिए बजट
सबसे पहले आपको मालदीव्स जाने के लिए टिकट बुक करना होगा। और अगर आप 4-6 महीने एडवांस में टिकट बुक करते हैं या ऑफ सीजन यानी अप्रैल से जून के बीच जाते हैं तो आपको एक तरफ का टिकट 9 से 12 हजार रुपये के बीच में आसानी से मिल जाएगा। यानी टैक्स और कुल राउंड फेयर के साथ आप 25000 रुपये में फ्लाइट टिकट ले सकते हैं। ध्यान रहे कि मालदीव जाने के लिए वीजा लगवाने की जरूरत नहीं होती क्योंकि यहां भारतीयों के लिए वीजा ऑन अरावइल की सुविधा है।
मालदीव जाने पर 4 रातों के लिए समंदर किनारे रिजॉर्ट बुक करते हैं तो बजट की शुरुआत 30000 से 40000 रुपये के आसपास होती है। लग्जरी रिजॉर्ट के लिए आप और पैसा भी खर्च कर सकते हैं। ध्यान रहे कि एडवांस बुकिंग कराने पर आप बढ़िया डील पा सकते हैं और रिजॉर्ट या होटल की लागत कम कर सकते हैं।
सी प्लेन, बोट राइड का खर्च
ध्यान रहे कि बीच किनारे अपने पसंदीदा रिजॉर्ट तक जाने के लिए आपको स्पीडबोट या सीप्लेन की जरूरत होगी। इसके लिए आपको 10 से 20000 रुपये तक जरूरत हो सकती है। आप चाहें तो मालदीव सरकार के पब्लिक ट्रांसपोर्ट का भी फायदा ले सकते हैं।
इसके अलावा वाटर एक्टिविटीज जैसे डाइविंग, स्नॉर्कलिंग, पैरासेलिंग, कायकिंद आदि के लिए आपको 50 हजार से 1 लाख या ज्यादा तक खर्च करने पड़ेंगे। अगर आप खाने के शौकीन हैं तो 2 से 5000 रुपये तक लंच या डिनर पर खर्च कर सकते हैं। कुल मिलाकर देखें तो आप 4 नाइट के मालदीव ट्रिप पर जा रहे हैं तो जेब हल्की करने के लिए तैयार हो जाएं। आपको इस आइलैंड की एक ट्रिप पर दो लोगों के लिए कुल 2 से 3 लाख रुपये के आसपास खर्च करना होगा। बता दें कि यह अनुमानित खर्च है और आपकी सुविधा व जरूरत के हिसाब से इसमें फर्क हो सकता है।