कोरोना काल में जीवन की बढ़ती अनिश्चितताओं को देखते हुए इंश्योरेंस कवर अब पहले से ज्यादा अनिवार्य लगता है। ऐसे में एलआईसी कई प्रकार के इंश्योरेंस प्लान ऑफर कर रही है। जिनमें प्योर टर्म, अक्षय निधि, लिमिटेड पे प्लांस , स्टैगर्ड पेआउट प्लांस आदि हैं। हालांकि ग्राहक को प्लान लेने से पहले उसकी बेसिक जानकारी होना जरूरी है।‌ ये प्लान खासतौर पर पेशेवर लोगों के लिए हैं। सबसे जरूरी है किसी प्लान की रूपरेखा पहले ही तैयार कर लेना ताकि आगे उस प्लान को आसानी से चलाया जा सके। आइए जानते हैं, सैलरीड क्लास के लिए एलआईसी के कौन से प्लान हो सकते हैं बेहतर…

टेक टर्म प्लान: यह एक प्योर रिस्क प्रीमियम प्लान है। यह ऑनलाइन टर्म पॉलिसी है और ऑफलाइन प्लांस के मुकाबले सस्ता है। अगर इस प्लान के अंतर्गत पॉलिसी होल्डर सुनिश्चित राशि को दोगुना करना चाहता है तो वह ऐसा 25 से 30% ज्यादा प्रीमियम का पेमेंट करके कर सकता है। यह पॉलिसी ग्राहक को एक्सीडेंट राइडर भी साथ में खरीदने की सुविधा देता है। इसमें ग्राहक को मृत्यु के बाद मिलने वाली दुर्घटना राशि एक साथ लेने के बजाय किस्तों में लेने का भी विकल्प दिया गया है। इसके लिए उसे पांच या 10 या 15 साल का पीरियड चुनना होगा। इस योजना में ग्राहक किस्त वार्षिक, अर्धवार्षिक या तिमाही में दे सकता है।

न्यू जीवन आनंद: एलआईसी की न्यू जीवन आनंद में भी टेक टर्म प्लान जैसी कई समानताएं हैं। अगर पॉलिसी होल्डर का‌ निधन पॉलिसी टर्म के बीच में हो जाता है तो इसमें नॉमिनी को सुनिश्चित और एकीकृत बोनस दिया जाता है। अगर पॉलिसी होल्डर इसके ‌पूरे टर्म के दौरान जीवित रहता है तो उसे जमा बोनस के साथ सुनिश्चित मूल राशि दी जाएगी। यह प्लान ग्राहक को पहली अनपेड प्रीमियम के बाद 2 साल तक पॉलिसी को पुनर्जीवित करने का विकल्प देता है। पॉलिसी को दोबारा शुरू करने के लिए पॉलिसी होल्डर अपने सारे प्रीमियम ब्याज और अन्य चार्ज सहित दे सकता है। यह पॉलिसी अपने ग्राहक को प्रीमियम के फुल पेमेंट के 3 साल बाद कभी भी सरेंडर करने और समर्पण मूल्य के लाभ उठाने की अनुमति देती है।

जीवन अमर: यह पॉलिसी सेविंग और प्रोटेक्शन का मेल है। यह पॉलिसी ग्राहक को मृत्यु तक का लाइफ कवर प्रदान करती है। इसे दूसरे प्लान के मुकाबले ज्यादा अफोरडेबल माना गया है। यह प्लान महिलाओं के लिए स्पेशल इंटरेस्ट का हिस्सा हो सकता है क्योंकि इसमें महिलाओं को 10 से 20% डिस्काउंट मिल रहा है। जो लोग इसमें ज्यादा राशि श्योर करना चाहते हैं उन्हें भी इसमें बड़े डिस्काउंट दिए गए हैं। 1 करोड़ रुपए की राशि पर ग्राहक को 20% तक का डिस्काउंट दिया जा रहा है।

जीवन उमंग: यह प्लान प्रीमियम के पूरे होने तक वार्षिक लाभ और ग्राहक की मृत्यु पर बड़ी रकम देता है। यह उन चुनिंदा प्लान में से है, जो 100 वर्ष का लाइफ कवर प्रदान कराता है। यह प्लान प्रतिवर्ष 8% का निश्चित मनी बैक प्रदान करता है। यह प्लान उनके लिए विशेष महत्व का है, जो रिटायरमेंट के बाद पेंशन फैसिलिटी की सोच रहे हैं।

जीवन लाभ: इस प्लान के तहत पॉलिसी के पूरे होने पर मोटी रकम मिलती है। अगर पॉलिसी पूरी होने से पहले ग्राहक की मृत्यु हो जाए तो उसके परिवार को वित्तीय मदद दी जाती है। इसमें पॉलिसी होल्डर एलआईसी के लाभांश में भागीदारी रखता है। पॉलिसी के अंतर्गत फाइनल एडिशनल बोनस नॉमिनी को मिलता है। प्रीमियम पेमेंट के मोड के आधार पर भी ग्राहक को 2% की वार्षिक छूट दी जाती है। हालांकि ये प्रीमियम इनकम टैक्स के सेक्शन 80C के लाभ के अंतर्गत नहीं आते।