सिंगापुर। भारत के सौ सबसे धनी अरबपतियों में मुकेश अंबानी लगातार आठवें साल पहले स्थान पर काबिज हैं।

फोर्ब्स के अनुसार भारतीय अरबपतियों की सूची में मुकेश अंबानी लगातार आठवें साल पहले स्थान पर बने हुए हैं और उनकी संपत्ति पिछले साल के मुकाबले 2.6 अरब डॉलर बढ़कर 23.6 अरब डॉलर पर पहुंच गई।

अंबानी के बाद इस साल दिलीप सांघवी देश के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। साल के दौरान उनकी संपत्ति में 4.1 अरब डॉलर का इजाफा हुआ। उन्होंने इस्पात कारोबारी लक्ष्मी निवास मित्तल को पीछे छोड़ा है। मित्तल 15.8 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ इस साल पांचवें स्थान पर खिसक गए हैं।

अजीम प्रेमजी की संपत्ति पिछले साल के मुकाबले बढ़कर 16.4 अरब डॉलर पर पहुंच गई और वह एक पायदान ऊपर चढ़कर तीसरे स्थान पर आ गए। पिछले साल उनकी संपत्ति 13.8 अरब डॉलर रही थी।

निर्माण क्षेत्र की कंपनी शापूरजी पल्लोंजी के पल्लोंजी मिस्त्री की कुल संपत्ति इस दौरान 15.9 अरब डॉलर आंकी गई। और वह अमीरों की सूची में चौथे स्थान पर रहे। शापूरजी पल्लोंजी समूह टाटा संस में सबसे बड़ा शेयरधारक है।

फोर्ब्स ने कहा, ‘‘अच्छे दिन यहां हैं।’’ भारत के 100 सबसे रइसों की सूची में सभी अरबपति हैं और उनकी कुल संपत्ति 346 अरब डॉलर है। यह वर्ष 2013 में 259 अरब डॉलर थी।