बीते एक महीने अडानी ग्रुप के मुखिया गौतम अडानी के लिए काफी अच्छे रहे हैं। गौतम अडानी की संपत्ति में जबरदस्त इजाफा हुआ है।

संपत्ति में रिकॉर्ड बढ़ोतरी की वजह से गौतम अडानी ने दौलतमंद अरबपतियों की सूची में भी लंबी छलांग लगाई है। यही नहीं, गौतम अडानी अब दौलतमंद अरबपतियों की सूची में चीन के अरबपति जैक मा के नजदीक आ गए हैं। ऐसी उम्मीद की जा रही है कि गौतम अडानी किसी भी वक्त जैक मा को पछाड़ सकते हैं।

अलीबाबा ग्रुप के मुखिया जैक मा चीन के टॉप अरबपतियों में शुमार हैं। वह एक साल पहले तक एशिया के सबसे ज्यादा संपत्ति वाले अरबपति के तौर पर गिने जाते थे।

मुकेश अंबानी से आगे रहते थे: बीते साल के मार्च महीने में जैक मा एशिया के सबसे अमीर शख्स थे। वह दौलतमंद लोगों की सूची में मुकेश अंबानी से आगे रहते थे। हालांकि, इसके बाद मुकेश अंबानी की कंपनियों को विदेशी निवेश मिलने की वजह से वह आगे निकलते गए और जैक मा पिछड़ते गए। आज मुकेश अंबानी दौलतमंद अरबपतियों की सूची में 10वें स्थान पर हैं। मुकेश अंबानी की कुल संपत्ति 85 ​बिलियन डॉलर को पार कर चुकी है। कुछ दिन पहले मुकेश अंबानी की रैं​किंग 8वीं थी।

गौतम अडानी और जैक मा की संपत्ति: गौतम अडानी और जैक मा के बीच नेटवर्थ का अंतर मामूली रह गया है। ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक गौतम अडानी की संपत्ति 50 बिलियन डॉलर है। वहीं, जैक मा की संपत्ति 51 बिलियन डॉलर है। रैंकिंग के हिसाब से देखें तो जैक मा 24वें स्थान पर हैं जबकि गौतम अडानी की रैंकिंग 26वीं है। इससे पहले गौतम अडानी रैंकिंग में 25वें स्थान पर भी जा चुके हैं।

चीन सरकार से चल रहा विवाद: अरबपति जैक मा और चीन सरकार के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। बीते अक्टूबर महीने में जैक मा ने चीन के राष्‍ट्रपति शी जिनपिंग की सार्वजनिक तौर पर आलोचना की थी। इसके बाद से करीब तीन महीने तक वह गायब रहे थे।

वहीं, चीन की सरकार ने अलीबाबा ग्रुप के खिलाफ एकाधिकार-रोधी जांच शुरू करने की घोषणा भी कर दी। यही नहीं, नवंबर 2020 में जैक मा के एंट ग्रुप के 37 अरब डॉलर के IPO को निलंबित कर दिया गया था।