भारत की सावित्री जिंदल एशिया की सबसे अमीर महिला बन गई है। उन्होंने यह मुकाम चीन की दिग्गज रियल एस्टेट कंपनी कंट्री गार्डन की मालिक यांग हुईयान को पछाड़कर हासिल किया है। सावित्री जिंदल के पास कुल 18 बिलियन डॉलर की संपत्ति है और 2005 में जिंदल ग्रुप के मालिक ओम प्रकाश जिंदल के आकस्मिक निधन के बाद उन्होंने कंपनियों की कमान संभाली थी। वह फोर्ब्स 2021 की सबसे अमीर भारतीयों की टॉप 10 सूची में अकेली महिला हैं।

यांग की संपत्ति में बड़ी गिरावट

बिलेनियर यांग हुईयान की संपत्ति में 50 फीसदी से अधिक की बड़ी गिरावट आई है। पिछले एक साल में उनकी संपत्ति 24 बिलियन डॉलर से घटकर 11 बिलियन डॉलर की रह गई है। उनकी संपत्ति में गिरावट की वजह चीन में चल रहा रियल एस्टेट क्राइसिस को बताया जा रहा है, जिसके चलते बड़ी रियल एस्टेट कंपनियां कर्ज के जाल में फंस चुकी है। रिपोर्ट के मुताबिक, चीनी में रियल एस्टेट कंपनियां लोगों को फल- सब्जियों के बदले भी घर बेच रही हैं।

कंट्री गार्डन को यांग के पिता यांग गुओकियांग ने शुरू किया था, जिसके बाद 2005 में उन्होंने अपनी बेटी को कंपनी के सभी शेयर सौंप दिए थे और तब यांग एशिया की सबसे कम उम्र की अमीर महिला बन गई थी, पिछले पांच सालों से यांग के पास एशिया की सबसे अमीर महिला होने का ख़िताब था।

सावित्री जिंदल की संपत्ति में उतार- चढ़ाव

सावित्री जिंदल की संपत्ति में पिछले कुछ सालों में बढ़ा उतार- चढ़ाव देखने को मिला है। 202O के बाद से उनकी संपत्ति में तीन गुना का इजाफा हुआ है। 2019 से 2020 तक उनकी संपत्ति में 50 फीसदी की गिरावट देखने को मिली थी। 2018 में उनकी संपत्ति 8.8 बिलियन डॉलर थी, जो 2019 में गिरकर 5.9 बिलियन डॉलर हो गई थी। 2020 में यह घटकर 4.8 बिलियन डॉलर पर पहुंच गई थी।

वहीं, 2022 में उनकी संपत्ति बढ़कर 17.7 बिलियन डॉलर तक पहुंच गई है। जिंदल ग्रुप मेटल और पावर जैसे क्षेत्रों में कार्य करता है। जिंदल देश की तीसरी सबसे बड़ी स्टील उत्पादक कंपनी है। ग्रुप के पास सीमेंट, एनर्जी और इंफ्रास्ट्रक्चर में बड़ा पोर्टफोलियो है।