देश में मंहगाई और बेरोजगारी की ख़बरों के बीच अर्थव्यवस्था के लिए एक अच्छी खबर आई है। दरअसल पिछले महीने अक्टूबर 2022 में जीएसटी कलेक्शन 1,51,718 लाख करोड़ रुपये का रहा है। पिछले साल अक्टूबर (2021) के मुकाबले इस अक्टूबर में जीएसटी कलेक्शन में 18 फीसदी की वृद्धि देखी गई है। इसके साथ ही यह वित्त वर्ष 2022-23 के लिए अब तक का दूसरा सबसे अधिक जीएसटी कलेक्शन है।

अक्टूबर में सकल जीएसटी राजस्व में से केंद्रीय वस्तु और सेवा कर (CGST) 26,039 करोड़ रुपये, राज्य वस्तु और सेवा कर (SGST) 33,396 करोड़ रुपये, एकीकृत माल और सेवा कर (IGST) 81,778 करोड़ रुपये है। वहीं इसमें सेस का कलेक्शन 10,505 करोड़ रुपये है, जो अबतक सबसे अधिक है।

वित्त मंत्रालय ने बताया कि अक्टूबर में घरेलू लेनदेन से दूसरा सबसे अधिक कलेक्शन देखा गया। यह भी अप्रैल 2022 के बाद हुआ है। यह नौवां महीना है और लगातार आठ महीने से मासिक जीएसटी कलेक्शन 1.4 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो रहा है। सितंबर 2022 के महीने के दौरान 8.3 करोड़ ई-वे बिल जेनरेट हुए थे, जो अगस्त 2022 में उत्पन्न 7.7 करोड़ ई-वे बिल से काफी अधिक था।

बता दें कि अक्टूबर से पिछले महीने यानी सितंबर में हुए जीएसटी कलेक्शन की तुलना में इस बार जीएसटी कलेक्शन कहीं ज्यादा है। सितंबर में ग्रॉस जीएसटी कलेक्शन 1,47,686 करोड़ रुपये रहा था। सितंबर में सेंट्रल जीएसटी कलेक्शन 25,271 करोड़ रुपये, स्टेट जीएसटी कलेक्शन 31,813 करोड़ रुपये और इंटीग्रेटेड जीएसटी कलेक्शन 80,464 करोड़ रुपये थ। इसके साथ ही सरकार ने सितंबर में 10,137 करोड़ रुपये सेस के रूप में वसूला। वहीं अगर पिछले साल की इसी अवधि से वर्तमान आंकड़ों की तुलना करें तो यह पिछले एक साल में काफी अधिक बढ़ा है।

बता दें कि अक्टूबर 2022 में देश में जीएसटी कलेक्शन के लिहाज से टॉप-5 राज्यों में महाराष्ट्र सबसे ऊपर है। महाराष्ट्र में पिछले साल की तुलना में जीएसटी कलेक्शन 19% बढ़कर 23,037 करोड़ रुपए रहा है। वहीं इस लिस्ट में कर्नाटक 10,996 करोड़ के कलेक्शन के साथ दूसरे नंबर पर है, जबकि तमिलनाडु 9,540 करोड़ के कलेक्शन के साथ तीसरे नंबर पर है।