गुजरात के साणंद स्थित टाटा मोटर्स के लगभग 300 कर्मचारी सोमवारको हड़ताल पर चले गए। हड़ताल पर गए मजदूर कुछ कर्मचारियों को सस्पेंड किए जाने से नाराज हैं। वे मजदूरों की बहाली की मांग कर रहे हैं। टाटा कंपनी की ओर से जारी बयान में कहा गया कि मैनेजमेंट हड़ताल पर गए मजदूरों को मनाने का प्रयास कर रहा है। हालांकि इसी बीच कंपनी में काम जारी है।
कंपनी ने बताया कि 20 मजदूरों को गंभीर आरोपों के चलते सस्पेंड किया गया है। हड़ताली मजदूर इन्हें वापस लेने की मांग कर रहे हैं। साणंद में मजदूर पहली बार हड़ताल पर गए हैं। टाटा मोटर्स ने साणंद में 2010 में काम शुरू किया था। इस प्लांट में टाटा नैनो का निर्माण किया जाता है। इससे पहले यह प्लांट पश्चिम बंगाल के सिंगुर में लगने वाला था।
गौरतलब है कि टाटा कंपनी का कर्नाटक के धारवाड़ स्थित प्लांट भी पिछले 22 दिन से बंद है। इस प्लांट में बसों का निर्माण होता है। हड़ताल कर रहे मजदूर वेतन बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।