न्यूज ब्रॉडकास्टर BBC की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने FEMA एक्ट के तहत दर्ज किया है। कंपनी पर फॉरेन एक्सचेंज उल्लंघन का आरोप लगाया गया है। समाचार एजेंसी पीटीआई ने बताया कि प्रवर्तन निदेशालय ने बुधवार को ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कंपनी (बीबीसी) इंडिया के खिलाफ विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) के तहत कथित विदेशी मुद्रा उल्लंघन का मामला दर्ज किया।

विदेशी मुद्रा उल्लंघन BBC के खिलाफ मामला दर्ज

प्रवर्तन निदेशालय ने विदेशी फंडिंग में अनियमितता के लिए विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम के तहत BBC के खिलाफ मामला दर्ज़ किया है। इससे पहले फरवरी 2023 में आयकर विभाग ने नई दिल्ली, मुंबई में बीबीसी के परिसरों में सर्वे किया था। जिसमें यह आरोप लगाया गया था कि ट्रांसफर प्राइसिंग नियमों का गैर-अनुपालन और मुनाफे का ट्रांसफर किया गया था।

आयकर विभाग के अधिकारियों ने दिल्ली स्थित बीबीसी दफ्तर में छापेमारी की थी और उससे जुड़े दस्तावेजों की जांच भी की थी। आयकर विभाग ने इस मामले पर आधिकारिक बयान देते हुए कहा था वो एफडीआई उल्लंघन के एक मामले में बीबीसी की जांच करेंगे। इसी सिलसिले में आज ईडी ने बीबीसी पर विदेशी मुद्रा उल्लंघन कानून ( FEMA Funding Irregularities) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जानकारी के मुताबिक ईडी ने फेमा के तहत कंपनी के कुछ अधिकारियों को संस्थान से जुड़े दस्तावेज और बयान दर्ज कराने को भी कहा है।

गुजरात दंगों पर BBC की डॉक्यूमेंट्री पर उठा था विवाद

ईडी इस मामले में बीबीसी इंडिया के एडमिन और एडिटोरियल विभाग के लोगों से पूछताछ करेगी। ईडी के मुताबिक फेमा के तहत पहले ही केस दर्ज हो चुके हैं। जांच एजेंसी ने बीबीसी से अपने बही खाते और वित्तीय विवरण प्रस्तुत करने के लिए कहा है।

कर विभाग की यह कार्रवाई ब्रिटिश ब्रॉडकास्टर द्वारा 17 जनवरी को 2002 के गुजरात दंगों पर ‘इंडिया: द मोदी क्वेश्चन’ नाम से एक डॉक्यूमेंट्री जारी करने के कुछ हफ्ते बाद आई है। 20 जनवरी 2023 को केंद्र सरकार ने YouTube और ट्विटर को डॉक्यूमेंट्री साझा करने वाले लिंक को हटाने का आदेश दिया था। अधिकारियों ने कहा था कि यह भारत की संप्रभुता और अखंडता को कमजोर करने वाला है और देश के मैत्रीपूर्ण संबंधों पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है और देश की सार्वजनिक व्यवस्था को कमजोर कर सकता है।