एक साल पहले तक एशिया के सबसे अमीर अरबपति रहे चीन के कारोबारी जैक मा अब एकांत की जिंदगी बिता रहे हैं। जैक मा के करीबी जोसेफ त्साई ने इस बारे में जानकारी दी है।

क्या कर रहे हैं जैक मा: ई-कॉमर्स कंपनी अलीबाबा के संस्थापक जैक मा के करीबी जोसेफ त्साई ने एक इंटरव्यू में उनके बारे में जानकारी दी है। अलीबाबा के उपाध्यक्ष त्साई ने कहा, ‘ इन दिनों जैक साधारण जीवन जी रहे हैं। मैं उनसे रोज बात करता हूं और आंतरिक संदेश प्लेटफार्म के जरिये रोज मैसेज करता हूं। वह अपने जीवन में बहुत अच्छा कर रहे हैं और शौखिया तौर पर पेंटिंग करते हैं।’ जोसेफ त्साई के मुताबिक आमतौर पर जैक मा काफी सक्रिय रहते हैं लेकिन इन दिनों खामोशी से अपने शौक को पूरा कर रहे हैं।

आपको बता दें कि पिछले साल जैक मा ने चीन सरकार की आलोचना की थी। इस आलोचना के बाद से अचानक जैक मा सार्वजनिक जीवन से गायब हो गए। करीब तीन महीने गायब रहने के बाद जैक मा एक कार्यक्रम में नजर आए थे। वहीं, सरकार की सख्ती के बाद जैक मा के कारोबार और दौलत पर भी बुरा असर पड़ा है। हाल ही में जैक मा के अलीबाबा ग्रुप पर चीन के नियामकों ने प्रतिस्पर्धा रोधी व्यवहार के लिए 18.3 अरब युआन (2.8 अरब डॉलर) का जुर्माना लगाया है।

यह जुर्माना 2019 में कंपनी की कुल 455.71 अरब युआन या 69.5 अरब डॉलर की बिक्री के चार प्रतिशत के बराबर है। आरोप है कि अलीबाबा पर अपनी दबदबे की स्थिति का लाभ उठाने के लिए यह जुर्माना लगाया गया है। (ये पढ़ें—अनिल अंबानी का कारोबार चला रहे अडानी)

इससे पहले चीन की सरकार ने अलीबाबा ग्रुप के खिलाफ एकाधिकार-रोधी जांच शुरू करने की घोषणा की कर दी थी। इसके अलावा चीनी अधिकारियों ने जैक को जोरदार झटका देते हुए उनके एंट ग्रुप के 37 अरब डॉलर के IPO को निलंबित कर दिया था।

जैक मा की दौलत कितनी: ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक जैक मा की दौलत 48 बिलियन डॉलर से ज्यादा है। वह दुनिया के अरबपतियों की सूची में 27वें पायदान पर हैं। एक साल पहले तक जैक मा एशिया के सबसे बड़े अरबपति थे। हालांकि, अब वह एशिया के टॉप 3 की सूची से भी बाहर हो चुके हैं।