विभिन्न बैंकों का 9,000 करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज नहीं चुकाने के मामले में कानूनी कारवाई का सामना कर रहे प्रमुख शराब व्यापारी विजय माल्या का एक मकान इंग्लैंड के एक छोटे से गांव टिवेन में है। समझा जाता है कि माल्या अपने इसी घर में रहने आये हैं।
हर्टफोर्डशायर में सेंट अलबंस के निकट टिवेन गांव स्थित माल्या के विशाल बंगले का नाम ‘लेडीवॉक’ है। लंदन से सड़क मार्ग से यहां एक घंटे में पहुंचा जा जा सकता है।
ऐसा कहा जा रहा है कि यूबी ग्रुप के चेयरमैन व राज्यसभा सदस्य माल्या इसी सप्ताह के शुरू में यहां आ गए थे। यह बंगला 30 एकड़ में फैला है। भारत में माल्या के खिलाफ कानूनी कार्रवाई चल रही है। उन पर आरोप है कि उन्होंने विभिन्न बैंकों से 9,000 करोड़ रपये से अधिक का कर्ज लिया और लौटने में असफल रहे।
सूत्रों ने कहा कि उच्चतम न्यायालय ने माल्या को भारत लौटने का जो नोटिस जारी किया है वह लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग के जरिए उन्हें पहुंचाया जाएगा।
भारतीय उच्चायोग ने हालांकि, इस बारे में कोई बयान जारी नहीं किया है। माल्या ने पिछले महीने संकेत दिया था कि वह ब्रिटेन जाना चाहते हैं ताकि अपने बच्चों के पास रह सकें। हालांकि, बाद में उन्होंने इसका खंडन किया कि उनकी भागने की योजना है।

